‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा में तरुण चुग का राहुल गांधी पर निशाना, सामने कांग्रेस का भी प्रदर्शन

 




- तरुण चुग बोले— राहुल गांधी के भीतर इंदिरा गांधी की आपातकाल वाली मानसिकता

अहमदाबाद/राजकोट, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस और विपक्ष द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कथित भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोपों के बीच भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान’ शुरू किया है। इसी अभियान के तहत आज अहमदाबाद और राजकोट में भाजपा की पदयात्राएं आयोजित की गईं। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता में अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया।

राजकोट में भाजपा की पदयात्रा के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन

राजकोट में बहुमाली भवन के पास सरदार पटेल की प्रतिमा से शुरू हुई भाजपा की पदयात्रा त्रिकोणबाग तक पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें गुजरात भाजपा के प्रदेश प्रभारी तरुण चुग, प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, सह-प्रभारी अजय महावर और प्रदेश महामंत्री अनिरुद्ध दवे सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा की पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’ के नारे लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता पुलिस वैन पर भी चढ़ गए। पुलिस ने एहतियातन विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।तरुण चुग का राहुल गांधी पर निशाना

गुजरात भाजपा के प्रदेश प्रभारी तरुण चुग ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस देश के लोकतंत्र, संस्थाओं और न्यायपालिका के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की राजनीति में उनकी दादी इंदिरा गांधी के आपातकाल के दौर जैसी मानसिकता दिखाई देती है।

चुग ने कहा कि देश के नागरिक लोकतंत्र के साथ मजबूती से खड़े हैं और इस तरह के प्रयासों का जवाब देंगे। उन्होंने कांग्रेस पर विदेशी हस्तक्षेप और भ्रामक प्रचार के जरिए देश में अराजकता का माहौल बनाने का भी आरोप लगाया।अहमदाबाद में भी निकली पदयात्रा

अहमदाबाद में नए वाडज व्यासवाड़ी से भगवान परशुराम की प्रतिमा के पास से सुभाष ब्रिज तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई। इसमें केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित गांधीनगर के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा ने अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास मजबूत करने और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने का संदेश दिया। वहीं, राजकोट में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे