तारापीठ होटल अग्निकांड में आठ की मौत, मुख्यमंत्री शुभेंदु बोले- लापरवाही बरतने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कोलकाता, 17 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ के पास स्थित एक होटल में सोमवार तड़के हुए अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
आधिकारिक तौर पर जारी मृतकों की सूची के अनुसार, मृतकों में पांच लोग मेघालय के दक्षिण गारो हिल्स और तीन लोग पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के निवासी हैं। मृतकों की पहचान राजेंद्र नाथ, आशा नाथ, बुरन मोदक, 10 वर्षीय शिवराज मोदक, 8 वर्षीय औशनाथ मोदक, कमल रॉय, अमित पाल और सुबीर साहा के रूप में हुई है।
घटना पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सरकार पीड़ित परिवारों के लिए वित्तीय सहायता का ऐलान भी करेगी।
शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि हादसे के समय होटल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहरे हुए थे, जो मां तारा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कई लोगों को बचाया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद आठ लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, जिला मजिस्ट्रेट, स्थानीय विधायक ध्रुबा साहा और अग्निशमन विभाग के राज्य मंत्री कौशिक चौधरी अभी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वे बचाव कार्यों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु ने बताया कि राज्य सरकार ने इस दुखद घटना की असल वजह का पता लगाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के मुताबिक कड़ी सजा दी जाएगी। साथ ही, पीड़ितों के लिए उचित मुआवजा का ऐलान भी सही समय पर किया जाएगा। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।
घटना में 34 लोगों को सुरक्षित बचाया गया, जबकि एक झुलसे व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सुरक्षित बचाए गए लोगों में पटना की अर्चना सिंह, युवराज सिंह और अनुभव सिंह, दिनहाटा के सुभादियो साहा, परिणीता साहा, विश्वनाथ साहा, माणिक साहा, दमदम के तपन ज्योति मंडल, कल्याणी मंडल, पियाली मंडल, मुनमुन मंडल, 10 वर्षीय तियासा मंडल, 8 वर्षीय कौसानी मंडल, रोजीना खातून, चकदह थाना क्षेत्र के दिलीप कुमार पाल, नारायण पाल, नारायण दास, सत्या बिस्वास और भोला शर्मा तथा मेघालय के गणेश डे, चंद्रिका नाहा, दोलोन नाहा, माधबी मोदक, जितिप्रिया नाहा और झर्ना डे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा उत्तम दास, मितालीस साहा, बिजय कृष्णा सिंह, भास्कर साहा, मलय सूत्रधार, मनोज प्रमाणिक, राजदीप तिवारी, टुम्पा पांडे और सुभजीत तिवारी को भी सुरक्षित बचाया गया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर