कार्तिगई दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का विहिप ने किया स्वागत
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने तमिलनाडु के कार्तिगई दीपम विवाद में उच्चतम न्यायालय के आदेश का स्वागत किया है। विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि न्यायालय का हस्तक्षेप हिंदू आस्था और कानून के शासन की पुनर्स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे तमिलनाडु सरकार और हिंदू विरोधी राजनीति पर करारा तमाचा बताया।
आलोक कुमार ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि उच्चतम न्यायालय ने 20 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया था, लेकिन 24 नवंबर को दीप नहीं जलाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों और प्रशासनिक तंत्र ने मिलकर न्यायालय के आदेश को निष्प्रभावी करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने 28 नवंबर को दीपथून पर दीप प्रज्वलित करने का स्पष्ट निर्देश दिया है।
न्यायालय ने मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित कर मद्रास उच्च न्यायालय के दो पूर्व न्यायाधीशों न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया है। सीआरपीएफ को मंदिर और दरगाह दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है। साथ ही श्रद्धालुओं को दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर दीप जलाने की अनुमति दी गई है।
उन्होंने कहा कि न्यायालय ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, मदुरै के जिलाधिकारी और मंदिर न्यासी मंडल के सदस्यों को अवमानना के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। न्यायालय ने प्रथम दृष्टया 20 नवंबर के आदेश की जानबूझकर अवहेलना और मदुरै में प्रशासनिक अराजकता पर चिंता जताई है। उसने संबंधित अधिकारियों से पत्राचार, ईमेल और अन्य संवादों का विवरण भी मांगा है।
आलोक कुमार ने कहा कि कोई भी सरकार, राजनीतिक दल या प्रशासनिक अधिकारी न्यायपालिका से ऊपर नहीं हो सकता। उन्होंने उम्मीद जताई कि तमिलनाडु सरकार अपनी पिछली गलतियों से सबक लेगी और भविष्य में न्यायालय के आदेशों तथा हिंदू धार्मिक परंपराओं की अवहेलना नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अवमानना याचिका पर आगे सुनवाई होनी बाकी है। संबंधित अधिकारियों को 15 दिसंबर को उच्चतम न्यायालय में उपस्थित होना है। ऐसे में अंतिम न्यायिक निर्णय की प्रतीक्षा रहेगी।
उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के मदुरै जिले में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर आदेश के बावजूद दीप न जलाए जाने पर उच्चतम न्यायालय ने प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। न्यायालय ने आज सुनवाई के दौरान कहा था कि हमने दीप जलाने का आदेश दिया। इसे जानबूझकर नहीं माना गया। ये न्यायालय की अवमानना है। अफसरों ने हमारा नहीं, अपने राजनीतिक आकाओं का आदेश माना। ऐसी संवैधानिक गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे। न्यायालय ने कहा कि 28 नवंबर को यहां सीआरपीएफ की सुरक्षा में दीप जलाया जाए।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन ‘कार्तिगई दीपम’ नाम की रस्म के तहत पहाड़ी पर बने दीपथून स्तंभ पर दीप जलाया जाता है। विवाद तब शुरू हुआ जब पहाड़ पर हिंदू पक्ष दीप जलाना चाहता था, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी। जब हिंदू पक्ष उच्चतम न्यायालय पहुंचा तो न्यायालय ने तय तारीख पर दीप जलाने को कहा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर