नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ
नई दिल्ली, 17 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी सहित उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की ओर श्रमदान किया। इस दौरान यात्रियों के बीच स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कहा गया कि यात्रियों में स्वच्छता के संस्कार विकसित करने से स्वच्छ भारत के लक्ष्य को अधिक प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अभियान में सक्रिय रूप से सहभागिता करने तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग देने की अपील की। साथ ही स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी