सूरत भाजपा नेता के साथ थे सुवेंदु अधिकारी के पीए, दो घंटे बाद गोली मारकर हत्या
सूरत/कोलकाता, 07 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (पीए) चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या से करीब दो घंटे पहले तक वह सूरत के भाजपा नेता डॉ. प्रकाश चंद्र के साथ मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार डॉ. प्रकाश चंद्र पिछले करीब 110 दिनों से पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनावी अभियान में सक्रिय हैं और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे। बुधवार शाम चंद्रनाथ रथ और डॉ. प्रकाश चंद्र ने साथ बैठकर चाय पी थी तथा चुनावी रणनीति को लेकर आयोजित एक कॉन्फ्रेंस मीटिंग में हिस्सा लिया था।
मीटिंग समाप्त होने के बाद चंद्रनाथ रथ ने “घर जाकर खाना खाने” की बात कहकर वहां से निकले थे। रात करीब 10:30 बजे जब वह कार से घर जा रहे थे, तभी मध्यमग्राम इलाके में एक कार ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद दो बाइक सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और प्वाइंट ब्लैंक रेंज से उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। हमले में चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई।
सूरत के भाजपा नेता डॉ. प्रकाश चंद्र ने घटना को सुनियोजित हत्या बताया है। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने पहले से रैकी की थी और पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया गया।
चंद्रनाथ रथ भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त थे और बाद में सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी के रूप में कार्यरत थे। वे नंदीग्राम और भवानीपुर जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर संगठनात्मक समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।घटना के बाद पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है। डॉ. प्रकाश चंद्र ने कहा कि चंद्रनाथ रथ बेहद जिम्मेदार और अनुशासित व्यक्ति थे तथा उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे