मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवान्न में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष और सिक्किम के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

 




कोलकाता, 02 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को राज्य सचिवालय नवान्न में राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तथा सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से अलग-अलग मुलाकात की।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के बीच विभिन्न समसामयिक एवं पारस्परिक महत्व के विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवान्न में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रेम सिंह तमांग को पश्चिम बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक कृष्णनगर की स्वामी विवेकानंद की टेराकोटा कलाकृति तथा भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग प्राप्त डोकरा कला की कलाकृति भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पारंपरिक कलाकृतियों के माध्यम से बंगाल की समृद्ध कला, संस्कृति और शिल्प परंपरा को सम्मानपूर्वक प्रस्तुत किया गया है। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें शामिल होने के लिए उक्त दोनों नेता पहुंचे हुए हैं। इसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी शिरकत करेंगे। नवनिर्वाचित विधायकों को विधायी रीति-रिवाजों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर