सूरत में गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में हंगामा करने वाले विदेशी नागरिक की मौत

 


सूरत,, 18 अगस्त (हि.स.)। मुंबई से दिल्ली जा रही गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रियों से विवाद के बाद हंगामा करने वाले एक अफ्रीकी नागरिक की सूरत रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब 45 वर्षीय व्यक्ति को हंगामे के बाद आरपीएफ और जीआरपी ने ट्रेन से उतारकर पूछताछ के लिए आरपीएफ पोस्ट पर लाया था।

पुलिस के मुताबिक ट्रेन में दरवाजे के पास खड़े होने को लेकर यात्रियों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान विदेशी नागरिक ने यात्रियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की और ट्रेन में लगे फायर एक्सटिंग्विशर से यात्रियों पर स्प्रे कर दिया। सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और तीन यात्रियों को ट्रेन से उतारा गया।

सूरत रेलवे स्टेशन पर विदेशी नागरिक को आरपीएफ पोस्ट ले जाकर पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। रेलवे अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद उसे 108 एंबुलेंस से सूरत की स्मीमेर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पास से पासपोर्ट, वीजा या अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस को उसका मोबाइल फोन मिला है। मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान और अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

सूरत रेलवे पुलिस ने अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मृतक अफ्रीकी नागरिक प्रतीत होता है और वह मुंबई से ट्रेन में सवार होकर दिल्ली जा रहा था। उसकी मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। ट्रेन में घायल हुए यात्रियों की शिकायत और पूरे घटनाक्रम की भी पुलिस जांच कर रही है।

डी.एच. गौर, डीवाईएसपी, सूरत रेलवे ने बताया कि दरवाजे के पास खड़े होने को लेकर यात्रियों में झगड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी ने तीन यात्रियों को ट्रेन से उतारा था। पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति अचानक बेहोश हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। पुलिस ट्रेन में हुए विवाद और विदेशी नागरिक की मौत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे