केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने 98 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया ई-लोकार्पण

 




सूरत, 20 जून (हि.स.)। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने शनिवार को सूरत महानगरपालिका द्वारा लगभग 98 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किए गए विभिन्न विकास परियोजनाओं का ई-लोकार्पण किया। इस अवसर पर गुजरात के गृह राज्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन डभोली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में किया गया।

इस दौरान अश्विनीकुमार-वल्लभाचार्य रोड से हीराबाग जंक्शन होते हुए हयात श्रीनाथजी फ्लाईओवर पर कापोद्रा जंक्शन तक बनाए गए नए एंट्री रैंप का भी लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि सूरत आज “ब्रिज सिटी” के रूप में देशभर में पहचान बना चुका है। शहर में 125 से अधिक पुलों का निर्माण कर ट्रैफिक समस्याओं का स्थायी समाधान किया गया है। आधुनिक बुनियादी ढांचे के कारण नागरिकों का समय, ऊर्जा और धन तीनों की बचत हो रही है।

उन्होंने कहा कि सूरत के व्यापारी और उद्योगपति नई तकनीकों का उपयोग कर चीन सहित वैश्विक बाजारों में सफलतापूर्वक प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद, कम लागत और आकर्षक पैकेजिंग के कारण सूरत देश और दुनिया के व्यापारिक नक्शे पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पाटिल ने कहा कि सूरत मेट्रो का सफल ट्रायल पूरा हो चुका है और जल्द ही मेट्रो सेवा नागरिकों के लिए शुरू होगी। साथ ही देश की पहली बुलेट ट्रेन का संचालन भी सूरत से प्रारंभ होगा। बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद सूरत और मुंबई के बीच यात्रा समय घटकर लगभग एक घंटा रह जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन और अधिक सुविधाजनक बनेगा।

सूरत महानगरपालिका द्वारा लोकार्पित परियोजनाओं में हीराबाग-कापोद्रा एंट्री रैंप, वरियाव में 290 लाख लीटर क्षमता की भूमिगत जल टंकी, कतरगाम जीआईडीसी जल वितरण केंद्र में नई भूमिगत टंकी एवं पाइपलाइन कनेक्शन, अडाजन और भाठा क्षेत्र में नई ओवरहेड पानी की टंकियां, पासोदरा में आधुनिक सिटी बस डिपो एवं वर्कशॉप, अलथाण-भटार स्थित वेंडिंग मार्केट का पुनर्विकास, भेस्तान में शेल्टर होम, कुंभारिया-सरोली क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र एवं नागरिक सुविधा केंद्र तथा आंजणा क्षेत्र में नए स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण शामिल है।

कार्यक्रम में महापौर मायाबेन मावाणी, सांसद मुकेश दलाल, विधायक किशोर कानाणी एवं प्रवीण घोघारी, डिप्टी मेयर सुधाकर चौधरी, स्थायी समिति अध्यक्ष राजन पटेल, शासक पक्ष की नेता अल्पा मेहता, दंडक उर्मिला त्रिपाठी, मनपा आयुक्त एम. नागराजन, भाजपा शहर अध्यक्ष परेश पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे