पीएम मित्र पार्क से सूरत के कपड़ा उद्योग को मिलेगी नई दिशा: गिरिराज सिंह

 




- केंद्रीय कपड़ा मंत्री की अध्यक्षता में निवेशकों के साथ बैठक, नवसारी के वांसी-बोरसी में 2,100 एकड़ में विकसित हो रहा है पार्क

सूरत, 10 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सूरत के कपड़ा उद्यमी उच्च गुणवत्ता वाले कपड़े के उत्पादन के लिए नवीनतम तकनीक और आधुनिक मशीनों के माध्यम से सराहनीय प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने उद्योगपतियों से कपड़ा निर्यात पर विशेष ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया, ताकि गुजरात और विशेष रूप से सूरत के कपड़ा उद्योग की वैश्विक बाजार में भागीदारी बढ़ाई जा सके।

केंद्रीय मंत्री की अध्यक्षता में शनिवार को सूरत सर्किट हाउस में पीएम मित्र पार्क को लेकर कपड़ा उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सूरत के कपड़ा उद्योग को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने तथा पीएम मित्र पार्क को उद्योगों के अनुकूल विकसित करने के लिए निवेशकों के सुझाव और प्रस्ताव सुने गए।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सूरत के कपड़ा उद्योग को गति देने और प्रदूषणमुक्त, विश्वस्तरीय औद्योगिक ढांचा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम मित्र पार्क विकसित किया जा रहा है। नवसारी जिले के वांसी-बोरसी में लगभग 2,100 एकड़ क्षेत्र में आकार ले रहा यह पार्क कपड़ा उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने बताया कि पार्क में सड़क, बुनियादी ढांचे, पानी और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने इसे विश्वस्तरीय औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए सूरत के उद्योगपतियों से सहयोग की अपेक्षा जताई।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश का कपड़ा उद्योग आधुनिक तकनीक और नवीनतम मशीनों की सहायता से उत्पादन कर रहा है। गुजरात और सूरत के पास अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कपड़ा निर्यात बढ़ाने की व्यापक क्षमता है।

उन्होंने कहा कि सूरत के सक्षम और दूरदर्शी उद्यमी उच्च गुणवत्ता वाले कपड़े के उत्पादन के लिए नए प्रयोग कर रहे हैं। अब उद्योगपतियों और निवेशकों को निर्यात बढ़ाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

निवेशकों के सुझावों पर हुई चर्चा

बैठक में पीएम मित्र पार्क को अधिक उद्योग-अनुकूल बनाने, निवेश आकर्षित करने और सूरत के कपड़ा उद्योग को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।

इस अवसर पर राज्य की कपड़ा आयुक्त वृंदा देसाई सहित सूरत के प्रमुख कपड़ा उद्योगपति और निवेशक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे