राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष ने एशियाई पैरा खेल में भारतीय विजेताओं को दी बधाई

 


नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने गुरुवार को एशियाई पैरा खेल-2026 में महिलाओं की व्यक्तिगत तीरंदाजी स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली स्वाति चौधरी, पुरुषों के शॉट पुट एफ53 फाइनल में 8.16 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले आयुष वर्मा, महिलाओं के डिस्कस थ्रो एफ54 फाइनल में 15.66 मीटर की बेहतरीन थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली सुवर्णा राज, तीरंदाजी की मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली शीतल देवी तथा तोमन कुमार को बधाई दी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, स्वाति चौधरी इस स्पर्धा में भारत के लिए पहला पदक जीतकर आपने इतिहास रचा है और इस खेल के लिए एक नई राह खोली है। आपकी यह उपलब्धि तीरंदाजी के अन्य खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी कि वे ऊंचे लक्ष्य रखें और पूरे संकल्प के साथ अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ें।

ओम बिरला ने कहा कि भारत के लिए स्वर्ण गौरव! एशियन पैरा खेल में पुरुषों के शॉट पुट एफ53 फाइनल में 8.16 मीटर के शानदार थ्रो के साथ आयुष वर्मा ने स्वर्ण पदक जीतने जीता। यह देश के लिए गर्व का क्षण है!

नितिन गडकरी ने कहा कि सुवर्णा राज के इस शानदार प्रदर्शन ने उनके सफर का एक यादगार अंत किया है, जिससे देश का मान बढ़ा है और कई उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली है।

उल्लेखनीय है कि एशियाई पैरा खेल में भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। संजना कुमारी, सुहास यतिराज और अभिजीत सुखीजा ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते जबकि नवीन शिवकुमार ने पुरुष एकल एसएल-4 के फाइनल में जगह बना ली है। संजना और नवीन के लिए यह एशियाई पैरा खेलों का पदार्पण है। भारत की शीतल देवी और तोमन कुमार ने एशियाई पैरा खेलों में तीरंदाजी की मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। गुरुवार को खेले गए फाइनल में भारतीय जोड़ी ने इंडोनेशिया की तेओदोरा ऑडी ऑडिया फेरेली और केन स्वागुमिलांग को 151-148 से हराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी