प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने रजत पदक जीतने पर राजा मुथुपांडी को बधाई दी

 


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने सोमवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतने पर राजा मुथुपांडी को हार्दिक बधाई दी।

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों के 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतने पर राजा मुथुपांडी को हार्दिक बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “उनकी कामयाबी से हर भारतीय खुश और गौरवान्वित है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं!”

अमित शाह ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों के 65 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीतने पर मुथुपंडी को बधाई! आपने हमारे तिरंगे का मान बढ़ाया है। आप हमेशा विजयी हों।

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने कहा कि भारतीय वेटलिफ्टिंग के लिए गर्व का पल! पुरुषों की 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीतने पर राजा मुथुपांडी को बहुत-बहुत बधाई।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह शानदार प्रदर्शन उनके अनुशासन, दृढ़ता और अटूट समर्पण का नतीजा है। पूरा देश उनकी इस उपलब्धि का जश्न मना रहा है। उनके भविष्य के प्रयासों में उन्हें और सफलता की शुभकामनाएं।

उल्लेखनीय है कि मुथुपांडी ने राष्ट्रमंडल खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता है। शनिवार को खेले गए मुकाबले में मुथुपांडी ने कुल 286 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरे स्थान पर रहते हुए भारत को खेलों का दूसरा रजत पदक दिलाया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी