अनशन पर बैठने से पहले सोनम वांगचुक ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

 


नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)। पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठने से पहले राजघाट का दौरा किया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सोशल मीडिया अभियान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी दी।

वह कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। यह भूख हड़ताल सीजेपी की ओर से जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन का हिस्सा है।

इससे पहले, सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश में कहा था कि वे सरकार के जवाब का 27 जून तक इंतजार करेंगे। यदि सरकार की तरफ से शिक्षा प्रणाली में सुधार या लद्दाख के पर्यावरण और संस्कृति की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तो वे 28 जून से जंतर-मंतर पर अनशन पर बैठेंगे।

सीजेपी ने देशभर के युवाओं तथा नागरिकों से अपील की है कि वे आज जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक और इस मुहिम के समर्थन में एकजुटता दिखाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी