बुजुर्गों के सम्मानजनक जीवन के लिए केंद्र ने 142 नए वृद्धाश्रम किए मंजूर

 


- 2.88 लाख से अधिक को मिली देखभाल सुविधा

नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने देशभर में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा, कल्याण और गरिमापूर्ण जीवन को सुनिश्चित करने के लिए 142 नए वरिष्ठ नागरिक गृह (वृद्धाश्रम) मंजूर किए हैं। अब तक 2.88 लाख से अधिक बुजुर्गों को आश्रय, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य जांच और फिजियोथेरेपी जैसी अनिवार्य सहायता सेवाओं से लाभान्वित किया जा चुका है।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के मुताबिक, वरिष्ठ नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने, रोजमर्रा की देखभाल उपलब्ध कराने और उन्हें स्वतंत्र जीवन जीने में सक्षम बनाने के लिए बहुआयामी कदम उठाए जा रहे हैं। नए स्वीकृत वरिष्ठ नागरिक गृहों से उन वृद्धजनों को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय मिलेगा, जिन्हें पारिवारिक या सामाजिक स्तर पर देखरेख की आवश्यकता है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने रविवार को बताया कि बुजुर्गों की गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए देशभर में 228 विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के जरिए 4.91 लाख से अधिक लाभार्थियों को कवर किया गया और लगभग 23.93 लाख निःशुल्क सहायक जीवन उपकरण वितरित किए गए।

पंत के अनुसार, गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) और अल्प आय वर्ग के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर, कान की मशीन (हियरिंग एड्स), छड़ी (वॉकिंग स्टिक) और चश्मा प्रदान किए गए हैं। इन उपकरणों के मिलने से बुजुर्गों को रोजमर्रा की आवाजाही और संवाद में बड़ी राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रपति द्वारा 'सीनियर सिटीजंस वेलफेयर पोर्टल' शुरू किया गया है। यह पोर्टल वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी सरकारी योजनाओं, अधिकारों और सुविधाओं की सटीक जानकारी देने वाला साझा मंच बन चुका है। सचिव ने कहा कि मंत्रालय का उद्देश्य सुलभ स्वास्थ्य व संस्थागत देखभाल के जरिए बुजुर्गों को स्वावलंबी और सुरक्षित परिवेश प्रदान करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर