बांदा : सड़क हादसे में छह की माैत, तीन घायल
बांदा, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के बिसंडा कस्बे में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार मौरंग से भरे ट्रेलर ने पहले सेवानिवृत्ति शिक्षक और फिर ई रिक्शा सवारों को कुचल दिया, जिससे सेवानिवृत्त शिक्षक समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब छह बजे खुरहंड की ओर से आ रहा मौरंग लदा ट्रेलर बिसंडा कस्बे की नहर के पास अनियंत्रित हो गया। इस दौरान ट्रेलर की चपेट में आने से साइकिल से जा रहे ग्राम घूरी निवासी 61 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक रामेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा। स्थानीय लोगों ने बाइक से उसका पीछा किया। इसी दौरान नाथू तालाब के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार ग्राम कोर्रही निवासी 48 वर्षीय ममता, 45 वर्षीय राकेश, 12 वर्षीय शहबाज और 25 वर्षीय मुबीन की मौत हो गई। बाद में घायलों में सोहन लाल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में ई-रिक्शा में मौजूद पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी अतर्रा भेजा गया। घटना से आक्रोशित कस्बेवासियों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंचे सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने लोगों को समझा बुझा कर जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में जिला अधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि आज थाना बिसण्ड़ा क्षेत्र में बिसण्ड़ा ओरन रोड़ पर एक ट्रक चालक ने साइकिल को टक्कर मार दी । जिससे साइकिल चालक की मौके पर ही दु:खद मृत्यु हो गई । टक्कर मारने के उपरांत ट्रक चालक भाग रहा था तब कुछ दूर जाकर ट्रक एक ई-रिक्शा पर पलट गया । जिसमें मौके पर चार ई-रिक्शा पर सवार सवारियों की दु:खद मृत्यु हो गई है व इलाज के दौरान एक अन्य घायल की भी मृत्यु हो गई। व तीन लोगों का इलाज सुचारु रुप से चल रहा है। अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह