दिग्गज गायिका सुमन कल्याणपुर का 89 वर्ष की आयु में निधन

 


मुंबई, 31 मई (हि.स.)। भारतीय संगीत जगत की दिग्गज और मधुर स्वर की धनी सुमन कल्याणपुर का रविवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अपने मधुर और भावपूर्ण गायन के लिए प्रसिद्ध सुमन कल्याणपुर ने हिंदी, मराठी समेत कई भारतीय भाषाओं में हजारों गीतों को अपनी आवाज दी और दशकों तक श्रोताओं के दिलों पर राज किया।

28 जनवरी 1937 को तत्कालीन अविभाजित भारत के ढाका में जन्मीं सुमन कल्याणपुर का मूल नाम सुमन हेम्माडी था। बचपन से ही कला और संगीत में रुचि रखने वाली सुमन ने मुंबई में शिक्षा प्राप्त की और बाद में शास्त्रीय संगीत की विधिवत प्रशिक्षण लिया। उन्होंने कई प्रतिष्ठित गुरुओं से संगीत की शिक्षा हासिल की, जिसने उनके गायन को विशिष्ट पहचान दी।

सुमन कल्याणपुर की आवाज की तुलना अक्सर लता मंगेशकर से की जाती थी। उनकी स्वर-माधुरी इतनी मिलती-जुलती थी कि कई बार सामान्य श्रोता दोनों की आवाज में अंतर नहीं कर पाते थे। उन्होंने फिल्मी गीतों के अलावा भजन, गजल और भावगीतों के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अपने लंबे करियर में उन्होंने अनेक यादगार गीतों को स्वर दिया। विशेष रूप से 1960 के दशक में उनकी और मोहम्मद रफी की जोड़ी ने कई लोकप्रिय गीत दिए, जिन्हें आज भी संगीत प्रेमी बड़े चाव से सुनते हैं।

उनके निधन पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि सुमन कल्याणपुर की मधुर और आत्मा को छू लेने वाली आवाज ने भारतीय संगीत को समृद्ध बनाया और उनके गीत पीढ़ियों तक लोगों की भावनाओं से जुड़े रहेंगे। उन्होंने इसे भारतीय संगीत के स्वर्णिम युग का एक बड़ा नुकसान बताया।

सुमन कल्याणपुर ने वर्ष 1958 में व्यवसायी रमणंद कल्याणपुर से विवाह किया था। उनके परिवार में उनकी पुत्री चारु अग्नि हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय