‘सिंदूर से शौर्य तक’ कार्यक्रम 26 सितंबर को दिल्ली में, वीर शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)।देशभक्ति, शौर्य, बलिदान और नारी शक्ति को समर्पित विशेष संगीतमय कार्यक्रम ‘सिंदूर से शौर्य तक’ का आयोजन 26 सितंबर को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर सभागार में किया जाएगा। मुंबई की आयोजन संस्था बॉली बोनांज़ा और राष्ट्रीय सैनिक संस्था के सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को ‘नारी उपलब्धि सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन रफी मार्ग, कनॉट प्लेस स्थित मावलंकर सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम का निर्देशन शशिकला कौशिक करेंगी। बॉली बोनांज़ा की स्थापना प्रियंका चौहान और पंकज सैनी ने की है।
आयोजकों के अनुसार, ‘सिंदूर से शौर्य तक’ का उद्देश्य मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करना और उनकी वीरगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के माध्यम से शहीदों के परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ युवाओं को वीर जवानों के साहस, त्याग, समर्पण और राष्ट्रप्रेम से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘नारी उपलब्धि सम्मान’ होगा। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, उद्यमिता, कला, संस्कृति और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजक प्रियंका चौहान ने कहा कि ‘सिंदूर से शौर्य तक’ केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वीरता, बलिदान और नारी शक्ति को समर्पित पहल है। देश के वीर जवान सीमाओं पर राष्ट्र की रक्षा करते हैं, वहीं महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, संघर्ष और नेतृत्व के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रही हैं। दोनों प्रेरणादायी शक्तियों को एक मंच पर सम्मानित करना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
वहीं आयोजक पंकज सैनी ने कहा कि संगीत, कला और विशेष प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ समाज और देश का गौरव बढ़ाने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुंबई से आने वाले कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल, हास्य कलाकार वीआईपी पवार और गायक अरविंदर सिंह विशेष प्रस्तुतियां देंगे। देशभक्ति संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजन प्रस्तुतियां आयोजन का हिस्सा होंगी।
कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राष्ट्रीय सैनिक संस्था के अध्यक्ष एवं वीर चक्र से सम्मानित कर्नल टी. पी. त्यागी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा सामाजिक क्षेत्र, उद्योग, कला एवं संस्कृति, मीडिया और अन्य क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि बॉली बोनांज़ा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से वीर शहीदों के बलिदान को सम्मान देने, उनकी शौर्यगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाली महिलाओं को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी