(लीड) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की नाम्ची में प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा
नाम्ची (सिक्किम), 15 मई (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डोनर) मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सिक्किम के अपने आधिकारिक दौरे के दूसरे दिन नाम्ची जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए शिक्षा, पर्यटन, चाय उत्पादन और खेल विकास से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय हितधारकों, छात्रों, चाय बागान श्रमिकों और युवा खिलाड़ियों से बातचीत की तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे, आजीविका और जमीनी स्तर पर अवसरों को मजबूत करने के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने नाम्ची जिले के तार्कु में निर्माणाधीन कंचनजंगा सिक्किम स्टेट यूनिवर्सिटी का दौरा किया, जो सिक्किम में विकसित की जा रही पहली राज्य विश्वविद्यालय है। 28 एकड़ में फैले इस विश्वविद्यालय को उत्तर पूर्व परिषद (एनईसी) द्वारा डोनर मंत्रालय के माध्यम से 9.61 करोड़ की सहायता प्रदान की गई है। निर्माण पूरा होने के बाद यहां 1,500 से अधिक छात्रों के अध्ययन की सुविधा होगी। दौरे के दौरान मंत्री ने प्रशासनिक भवन और कैंपस अवसंरचना की प्रगति की समीक्षा की।
इसके बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तिमी चाय बागान और तिमी टी प्रोसेसिंग यूनिट का दौरा किया, जहां उन्होंने चाय बागान के श्रमिकों और अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने चाय उत्पादन, प्रसंस्करण और पैकेजिंग की विभिन्न प्रक्रियाओं का अवलोकन किया और अंतरराष्ट्रीय बाजार तथा निर्यात संभावनाओं पर चर्चा की।
अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि तिमी चाय बागान एलपीजी आधारित चाय निर्माण प्रक्रिया की ओर बढ़ रहा है, जिससे कोयले के उपयोग और कार्बन अवशेष में कमी आएगी। अधिकारियों ने तिमी चाय को जीआई टैग दिलाने की भी सिफारिश की। इस दौरान मंत्री ने महिला चाय श्रमिकों से धाराप्रवाह नेपाली भाषा में संवाद किया।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चेम्चे स्थित इंडियन हिमालयन सेंटर फॉर एडवेंचर एंड इको टूरिज्म का भी दौरा किया, जहां सिक्किम सरकार और डोनर मंत्रालय के सहयोग से विकसित किए जा रहे प्रस्तावित नाम्ची-तिमी-रावांगला पर्यटन सर्किट की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान मंत्री ने केंद्र में विकसित की जा रही रॉक क्लाइंबिंग, आइस क्लाइंबिंग, साइक्लिंग ट्रैक, ट्रेकिंग, स्कीइंग, पर्वतारोहण और निर्देशित इको-टूरिज्म गतिविधियों का अवलोकन किया।
केंद्रीय मंत्री ने नाम्ची के भाइचुंग स्टेडियम में आयोजित सिक्किम प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण के सेमीफाइनल मुकाबले में भाग लिया।
खिलाड़ियों और लोगों को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पूर्वोत्तर को देश का प्रमुख खेल केंद्र बनाने के विजन पर प्रकाश डाला। उन्हाेंने “वन स्पोर्ट, वन स्टेट” विकास दृष्टिकोण और मंत्रालय के 60:40 मॉडल का भी उल्लेख किया, जिसमें खेल अवसंरचना के साथ-साथ प्रशिक्षण, प्रतिभा खोज और तकनीक को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सिक्किम प्रीमियर लीग राज्य के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 3.2 किलोमीटर लंबे भालेढुंगा रोपवे से यात्रा करते हुए पीएम-डिवाइन योजना के तहत 220 करोड़ की लागत से विकसित हो रही भालेढुंगा स्काईवॉक परियोजना की भी समीक्षा की। उन्होंने परियोजना की प्रगति और संबंधित अवसंरचना कार्यों का जायजा लिया। 3,200 फीट की ऊंचाई पर प्रस्तावित 240 मीटर लंबा गोलाकार कांचयुक्त भालेढुंगा स्काईवॉक पूर्ण होने के बाद दुनिया का सबसे ऊंचा स्काईवॉक बनने की उम्मीद है, जिससे सिक्किम के पर्यटन और एडवेंचर टूरिज्म को नई मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung