केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्या सिंधिया ने सिक्किम के चाय बागान में तोड़ीं चाय की पत्तियां

 


नाम्ची, 15 मई (हि.स.)। केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डोनर) मंत्री ज्योतिरादित्या सिंधिया ने सिक्किम की अपनी यात्रा के दूसरे दिन नाम्ची जिले में प्रसिद्ध तिमी चाय बागान का दौरा किया। राज्य के एकमात्र चाय बागान में श्रमिकों के साथ समय बिताते हुए उन्होंने नेपाली भाषा में अंतरंग बातचीत भी की।

अधिकारियाें के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार देर रात तीन दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचे थे। इस दौरान वे सिक्किम के विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे और कई आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

तिमी चाय बागान भ्रमण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने चाय श्रमिकों के साथ बातचीत की और सिक्किम की विश्व प्रसिद्ध चाय परंपरा को संरक्षित करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने चाय के पत्ते तोड़ने का अनुभव भी लिया।

मंत्री ने चाय तोड़ने वाले श्रमिकों की अद्भुत गति और दक्षता की भी प्रशंसा की, साथ ही इसके पीछे के वर्षों के समर्पण और अनुशासन की खुले तौर पर सराहना की। इस अवसर को और भी खास बनाते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेपाली में श्रमिकों के साथ धाराप्रवाह बातचीत की। नेपाली में उनकी अंतरंग बातचीत ने चाय बागान क्षेत्र में खुशी और अपनापन का माहौल बनाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung