प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सतत विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनकर उभरा है सिक्किम : सिंधिया
गंगटोक, 16 मई (हि.स.)। सिक्किम के 51वें राज्य स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हुए। इस कार्यक्रम में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय द्वारा समर्थित लगभग ₹223 करोड़ की 21 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सिक्किम और पूर्वोत्तर क्षेत्र में आधारभूत ढांचे तथा विकास कार्यों को मजबूत करना है।
अधिकारिक बयान के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने नेपाली भाषा में समाराेह काे संबोधित किया। इस दाैरान उन्हाेंने कहा कि सिक्किम ऐसा राज्य है जहां विकास, प्रकृति, संस्कृति और पहचान एक साथ आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सिक्किम आज सतत विकास, ऑर्गेनिक खेती, पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण का राष्ट्रीय उदाहरण बनकर उभरा है।
इस दौरान एनईएसआईडीएस-रोड्स योजना के अंतर्गत ₹45 करोड़ से अधिक की संपर्क परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें एनएच-10 को आईबीपी रोड से जोड़ने वाले पुल कार्य, पाक्योंग जिले में रोंगरोंग नदी पर संपर्क मार्ग तथा नाम्ची जिले में रंगपो खोला पर कनेक्टिविटी परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही गेजिंग जिले में 15.8 किलोमीटर लंबे रिंबी खोला-युक्सोम मार्ग के सुधार एवं डामरीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया गया। लगभग ₹24.52 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना क्षेत्रीय संपर्क और पर्यटन को नई गति देगी।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘मिशन सिक्किम ऑर्गेनिक्स’ का शुभारंभ रहा। ₹360 करोड़ की अनुमानित लागत वाली यह महत्वाकांक्षी पहल सिक्किम को केवल ऑर्गेनिक उत्पादक राज्य से आगे बढ़ाकर वैश्विक प्रीमियम ऑर्गेनिक अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य करेगी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एमडोनर इस मिशन के अंतर्गत ₹85 करोड़ का योगदान देगा, जिसका उपयोग अधोसंरचना, एग्रीगेशन सिस्टम और कार्यक्रम समन्वय के लिए किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस मिशन के माध्यम से ऑर्गेनिक उत्पादों की प्रमाणन व्यवस्था, प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग, निर्यात बाजार और संस्थागत मूल्य श्रृंखला को मजबूत किया जाएगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि और फसल उपरांत नुकसान में कमी आएगी। विशेष रूप से बड़ी इलायची और अदरक जैसी फसलों की वैल्यू चेन विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
सोनेक योजना के अंतर्गत नामथांग बाजार जलापूर्ति प्रणाली के विस्तार, रिनॉक सरकारी डिग्री कॉलेज में बहुउद्देशीय हॉल निर्माण, बांस औद्योगिक पार्क एवं इनोवेशन प्रोडक्ट कल्चरल क्राफ्ट सेंटर की स्थापना, बर्तुक सरकारी डिग्री कॉलेज में अकादमिक ब्लॉक निर्माण, नामची स्थित कमरंग गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में विज्ञान भवन निर्माण, बर्तुक हेलीपोर्ट के उन्नयन तथा यांगांग के अपर धापर क्षेत्र में रोपवे परियोजना हेतु पर्यटन अधोसंरचना विकास जैसी परियोजनाओं की भी जानकारी साझा की गई।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं संपर्क, शिक्षा, पर्यटन, कृषि, जलापूर्ति और उद्योग जैसे क्षेत्रों में संतुलित क्षेत्रीय विकास और दीर्घकालिक आर्थिक प्रगति की मजबूत नींव रख रही हैं।
सिक्किम के विकास पर चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार, सिक्किम सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से एनएच-10 के वैकल्पिक मार्ग पर सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है, ताकि राज्य को हर मौसम में सुरक्षित और निर्बाध संपर्क सुविधा उपलब्ध हो सके।
राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सिक्किम आकांक्षा और अस्मिता के अद्भुत संतुलन का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एमडोनर द्वारा संचालित प्रत्येक पहल राज्य के लोगों की प्रगति, समृद्धि और भविष्य को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung