सिक्किम के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से मिलकर विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की
नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से यहां मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण और सार्थक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री तमांग ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की जानकारी देते हुए इसे सम्मानजनक बताया।
तमांग ने बैठक के दौरान सिक्किम की प्रमुख विकास प्राथमिकताओं और उभरती जरूरतों से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, सतत विकास और राज्य के लोगों के समग्र कल्याण के लिए केंद्र से सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने जून 2026 से फिर से शुरू होने वाले नाथुला दर्रा (सिल्क रूट) व्यापार मार्ग को फिर से खोलने के फैसले के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय समुदायों और व्यापारिक गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलेगा।
इसके अलावा तमांग ने सिक्किम राज्य स्थापना के स्वर्ण जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया। मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास और समृद्धि के लिए केंद्र द्वारा लगातार मिल रहे मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और समर्थन के लिए भी आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार