शोपियां ऑपरेशन के छठे दिन भी सुरक्षा बल दूसरे लश्कर आतंकी की तलाश में जुटे
श्रीनगर, 09 जुलाई (हि.स.)। लश्कर-ए-तैयबा के एक कमांडर के मारे जाने के एक दिन बाद उसके साथी को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने गुरुवार को छठे दिन भी दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवाद विरोधी अभियान जारी रखा है।
अधिकारियों ने बताया कि सेना, जम्मू और कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने मीमंदर-चानापोरा शोपियन में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। खुफिया जानकारी के आधार पर दो लश्कर आतंकवादियों की मौजूदगी का पता चलने के बाद 4 जुलाई को इसी इलाके में अभियान शुरू किया गया था। चल रहे अभियान के दौरान आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच पहली बार शनिवार शाम को और दूसरी बार बुधवार सुबह गोलीबारी हुई।
एक अधिकारी ने बताया दूसरे आतंकवादी की तलाश जारी है, जिसके इलाके में छिपे होने की आशंका है। बुधवार सुबह सुरक्षा बलों को तब सफलता मिली, जब उन्होंने लश्कर-ए-तैबा के एक स्थानीय कमांडर जाकिर अहमद गनई को मार गिराया। कुलगाम जिले के मोतलहामा गांव का निवासी जाकिर सितंबर 2023 में आतंकवादी संगठनों में शामिल हुआ था। जाकिर की हत्या के साथ कश्मीर में अब केवल एक ही सक्रिय स्थानीय आतंकवादी बचा है, जबकि सुरक्षा अधिकारियों का अनुमान है कि घाटी में लगभग 20-30 पाकिस्तानी आतंकवादी अभी भी सक्रिय हैं।
अधिकारियों ने कहा कि शोपियां में चल रहा अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक कि पूरा इलाका पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हो जाता और दूसरे आतंकवादी को या तो गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता या मार गिराया नहीं जाता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता