केंद्रीय मंत्री शिवराज मंगलवार को श्रीनगर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना -IV करेंगे लॉन्च

 


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल से दो दिन के कश्मीर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान 28 अप्रैल को श्रीनगर में शिवराज सिंह पीएमजीएसवाई-IV बैच-II की लॉन्चिंग के रूप में कश्मीर को विकास की बड़ी सौगात देंगे। केन्द्रीय मंत्री शिवराज दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशनके तहत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 4568.23 करोड़ रुपये केंद्रांश भी जारी करेंगे।

इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी तथा अन्य वरिष्ठ गणमान्य भी उपस्थित रहेंगे।

सोमवार को कृषि मंत्रालय ने जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर में वर्ष 2000 से अब तक पीएमजीएसवाई के अंतर्गत 3,328 सड़कों का निर्माण, 19,851 किलोमीटर सड़क नेटवर्क का सृजन और 257 पुलों का निर्माण हो चुका है। अब पीएमजीएसवाई-IV, बैच-II के अंतर्गत 330 नई सड़कों, 1,600 किलोमीटर सड़क लंबाई, 3,550 करोड़ रुपये के परियोजना मूल्य और 363 बस्तियों को लाभ पहुंचाने वाली योजना क्षेत्रीय विकास को नई ऊंचाई देने जा रही है।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए केंद्र के हिस्से की राशि जारी करेंगे। यह कदम महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका संवर्धन, सामुदायिक संस्थाओं की मजबूती और गांवों में स्वरोजगार आधारित आर्थिक गतिविधियों को और अधिक बल देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी