अगले 5 वर्षों में एसएचजी बहनों को मिलेगा 10 लाख करोड़ का ऋणः शिवराज
नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'उद्यम वित्तपोषण और एसएचजी बैंक लिंकेज' तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के अंतर्गत देशभर की लाखों स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की सदस्यों, लखपति दीदियों और आवास हितग्राहियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आज सीधा संवाद किया। चौहान ने बहनों के आर्थिक स्वावलंबन और जीवन स्तर में आए अभूतपूर्व बदलाव की सराहना करते हुए घोषणा की कि अगले 5 वर्षों में समूहों को 10 लाख करोड़ रुपये का बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें 1 लाख करोड़ रु. का व्यक्तिगत ऋण भी शामिल है।
चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन और सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशवासियों और सभी बहनों से शाम 7 बजे अपने घरों में कृतज्ञता स्वरूप 'एक दीया आशीर्वाद का' जलाने का भावुक आह्वान किया। चौहान स्वयं 17 सितंबर को तेलंगाना के एक सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचकर बहनों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे।
इस मौके पर असम के कामरूप से जुड़ीं तूलिका दीदी ने मशरूम और बेकरी उत्पादों से सालाना 12 से 14 लाख रुपये की आय तथा अपने समूह से 200 से अधिक महिलाओं को जोड़ने की सफलता साझा की।
बिहार के जहानाबाद की अनु देवी, मध्य प्रदेश के सीहोर की बबीता दीदी और त्रिपुरा के अनिमेष सिंह सहित अन्य हितग्राहियों ने बताया कि कैसे प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान मिलने से उनका जीवन सुरक्षित और गरिमामय हुआ है। लाभार्थियों ने बताया कि आवास के साथ-साथ उज्ज्वला गैस कनेक्शन, नल से जल, शौचालय और आयुष्मान कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाओं ने उनके परिवारों को नई दिशा दी है।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने दीदियों के आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि अभाव और मजबूरी का दौर अब समाप्त हो चुका है। ग्रामीण महिलाएं अब न केवल अपने पैरों पर खड़ी हैं, बल्कि परिवार का आर्थिक संबल बनकर बच्चों को उच्च शिक्षा दिला रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी के विजन से अब तक 3 करोड़ से अधिक लखपति दीदियां तैयार हो चुकी हैं और अब अगला लक्ष्य 6 करोड़ लखपति दीदियां बनाने का है। अब लखपति दीदी से दस लाखपति और फिर करोड़पति दीदी बनने का सफर शुरू हो चुका है। हमारी बहनें अब पैकेजिंग, ब्रांडिंग और उत्पादों के एक्सपोर्ट की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी