छह सांसदों के अलग होने के मुद्दे पर शिवसेना उद्धव गुट के नेता लोकसभा अध्यक्ष से मिले
नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा सांसद अरविंद सावंत और अनिल देसाई ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से संसद भवन में मुलाकात की। उन्होंने अध्यक्ष के समक्ष पार्टी से अलग हुए सांसदों के संबंध में अपना पक्ष रखा और अनुरोध किया कि अध्यक्ष उनकी ओर से प्राप्त जानकारी शिवसेना (यूबीटी) से साझा करें।
संसद भवन में अध्यक्ष बिरला से मुलाकात के बाद अरविंद सावंत ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के छह सांसदों ने पार्टी छोड़ दी और दूसरी पार्टी में शामिल हो गए। अनिल देसाई और उन्होंने 18 जून को को लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की और मामले में एक अनुरोध प्रस्तुत किया। इसमें हमने अनुरोध करते हुए कहा था कि यदि कोई व्यक्ति या सांसद व्यक्तिगत रूप से या समूह में आपके पास आकर पार्टी छोड़ने की इच्छा व्यक्त करता है, तो आपको संविधान की रक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पार्टी के छह सांसदों के दूसरी पार्टी में शामिल होने के बाद एक बार फिर से उन्होंने एक पत्र भेजा। इसमें अनुरोध किया गया कि घटनाक्रम से जुड़े विषय पर कुछ निर्णय लेने से पहले कृपया शिवसेना (यूबीटी) को सुना जाए। इस संबंध में अध्यक्ष बिरला ने आज हमें समय दिया था। हमने उनसे पूछा कि क्या उन्हें कोई पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि संविधान के तहत वे निर्णय लेंगे और मामले में कोई जानकारी होने पर उन्हें इस बारे में सूचित करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा