नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह दो दिवसीय दौरे पर आज पहुंचेंगे नई दिल्ली, प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक में अहम समझौतों की उम्मीद

 


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज दो दिवसीय (22-23 नवंबर) राजकीय यात्रा पर भारत आ रहे हैं। इस साल मार्च में नेपाल में नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बालेन्द्र शाह को भारत आने का निमंत्रण दिया था। यह प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। फोन पर बातचीत और संदेशों के आदान-प्रदान के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के कार्यक्रम में कई अन्य बैठकें और चर्चाएं भी हो सकती हैं।

इस अवसर पर दोनों प्रधानमंत्री कई पूरी हो चुकी पहलों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे और कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में भविष्योन्मुखी द्विपक्षीय दस्तावेजों पर सहमति बनने और उनके आदान-प्रदान की उम्मीद है। शाह की यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है जब दोनों देशों की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में काफी तालमेल है। बात चाहे आर्थिक विकास, सामाजिक विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार की हो या तकनीक को अपनाने, प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने की हो।

माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच होने वाली चर्चा एक राजनीतिक दिशा तय करेगी, जो आने वाले वर्षों के लिए द्विपक्षीय साझेदारी की रूपरेखा तैयार करेगी। दोनों पक्षों के द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करने और सहयोग के नए आयाम तलाशने की उम्मीद है। इस चर्चा का असर आने वाले समय में विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल विद्युत, रेलवे, कनेक्टिविटी, जलवायु परिवर्तन और आपदाओं के प्रति लचीलापन, बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।

भारत-नेपाल साझेदारी के प्रमुख पहलू

-दोनों देशों के बीच अनोखे और व्यापक संबंध हैं, जिनकी विशेषता आपसी विश्वास, खुली सीमाएं, साझा परंपराएं और लोगों के बीच गहरे संबंध हैं।

-लगभग एक दशक में राष्ट्राध्यक्ष/शासनाध्यक्ष स्तर पर 17 द्विपक्षीय दौरे हुए हैं। 2014 के बाद से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल की पांच यात्राएं की हैं।

-विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए 40 से अधिक द्विपक्षीय संस्थागत तंत्र मौजूद हैं। इन तंत्रों की नियमित बैठकें होती रही हैं।

-भारत, नेपाल का सबसे बड़ा व्यापार, पारगमन (ट्रांजिट) और निवेश भागीदार है।

-नेपाल को भारतीय बाजार में बिना किसी शुल्क (ड्यूटी-फ्री) के पहुंच प्राप्त है।

-भारत, नेपाल के लिए निर्यात का सबसे बड़ा गंतव्य है और नेपाल से होने वाले कुल वस्तु निर्यात का लगभग 80 फीसद हिस्सा भारत आता है।

-नेपाल में विदेशी निवेश (एफडीआई) का सबसे बड़ा स्रोत भी भारत ही है। जो नेपाल को मिलने वाले कुल एफडीआई का लगभग एक-तिहाई (1/3) हिस्सा है।

द्विपक्षीय संबंधों के मुख्य स्तंभ

दोनों देशों ने एक मजबूत और व्यापक विकास साझेदारी विकसित की है, जो उनके द्विपक्षीय संबंधों के मुख्य स्तंभों में से एक है। इसके तहत कई परियोजनाएं और पहलें चल रही हैं, जिनमें शामिल हैं-

-नेपाल के 74 जिलों में 600 से अधिक 'हाई इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट' (सामुदायिक विकास) परियोजनाएं, जिनकी कुल लागत 1,662 करोड़ नेपाली रुपये से अधिक है।

-कनेक्टिविटी परियोजनाएं, जिनमें सीमा-पार रेलवे लाइनें, पेट्रोलियम उत्पादों की पाइपलाइन और इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (एकीकृत जांच चौकियां) शामिल हैं।

-नेपाल की नई 'नेशनल पुलिस अकादमी' जैसी बड़ी परियोजनाएं।

-भारत की 'लाइन ऑफ क्रेडिट' (ऋण सुविधा) के जरिए सड़क, जल विद्युत और ट्रांसमिशन लाइन से जुड़ी परियोजनाएं।

-भूकंप के बाद पुनर्निर्माण में सहयोग (2015 के गोरखा भूकंप के बाद, भारत के सहयोग से 50,000 घरों, 71 शैक्षणिक परियोजनाओं, 128 स्वास्थ्य सुविधाओं और 21 सांस्कृतिक परियोजनाओं का पुनर्निर्माण पूरा हुआ है)।

-मानवीय सहायता और आपदा राहत (26 अगस्त 2026 को आई अचानक बाढ़ के बाद, भारत ने लगभग 140 टन आपातकालीन सामग्री भेजी और सुरंग से बचाव कार्यों तथा फोरेंसिक गतिविधियों में तकनीकी सहायता प्रदान की)।

-नेपाल को 4,400 से अधिक वाहनों की आपूर्ति।

-ऊर्जा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है। इसमें दीर्घकालिक बिजली व्यापार के लिए हुआ समझौता भी शामिल है, जिसके तहत 10 वर्षों की अवधि में नेपाल से भारत को 10,000 मेगावाट तक बिजली का आयात किया जाएगा। वर्तमान में, भारत हर साल नेपाल से लगभग 1,200 मेगावाट बिजली का आयात करता है।

-वित्त वर्ष 2025-26 में भारत को बिजली के शुद्ध निर्यात से नेपाल को लगभग 1,800 करोड़ नेपाली रुपये की कमाई हुई। नवंबर 2024 से, नेपाल भारतीय ग्रिड के माध्यम से बांग्लादेश को भी बिजली निर्यात कर रहा है।

-दोनों पक्ष फिलहाल नई उच्च-क्षमता वाली लाइनों के जरिए सीमा-पार ट्रांसमिशन क्षमता को बढ़ा रहे हैं।

-भारतीय संस्थाएं कई जलविद्युत परियोजनाओं के विकास में भी शामिल हैं, जिनमें 900 मेगावाट की अरुण-3 जलविद्युत परियोजना भी शामिल है, जो अभी निर्माणाधीन है।

-जल संसाधनों, बाढ़ प्रबंधन, जल-भराव नियंत्रण और जल विद्युत विकास में सहयोग पर चर्चा करने के लिए दोनों पक्षों के बीच तीन-स्तरीय द्विपक्षीय तंत्र मौजूद हैं।

-भारत की अनुदान सहायता से कमला, बागमती और लालबकेया नदियों पर बाढ़ प्रबंधन और नदी प्रशिक्षण के कार्य किए गए हैं।

-भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा के क्षेत्र में भी एक मजबूत साझेदारी है, जहां दीर्घकालिक आपूर्ति समझौता नेपाल की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाता है।

बालेन्द्र शाह का कार्यक्रम

विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, शाह आज दोपहर लगभग सवा तीन बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। उनका आगमन आईजीआईए के टर्मिनल तीन पर होगा। शाम छह बजे होटल ताजमहल में वह विदेशमंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगे।

सोमवार सुबह 10 बजे शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत होगा। 40 मिनट बाद शाह राजघाट पहुंचेंगे, वहां वह पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। 11 बजे हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनकी बैठक होगी। दोपहर सवा 12 बजे समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान होगा। इस अवसर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।

सवा तीन बजे राष्ट्रपति भवन में उनकी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ बैठक होगी। शाम 4ः50 बजे शाह नई दिल्ली से स्वदेश प्रस्थान करेंगे।

मीडिया के लिए परामर्श

मंत्रालय ने जारी परामर्श में कहा है कि मान्यता प्राप्त मीडिया प्रतिनिधियों को एक घंटे पहले पहुंचना होगा। साथ में पीआईबी कार्ड या प्रेस आईडी के अलावा एक अन्य पहचान पत्र (पासपोर्ट/आधार कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस) भी लाना होगा। राष्ट्रपति भवन परिसर के अंदर मोबाइल फोन ले जाना मना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद