पेड़ लगाने से लेकर बुजुर्गों की सेवा तक, सेवा संकल्प यात्रा बनी जनसेवा का माध्यम

 


नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.स.)।

देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रही सेवा संकल्प यात्रा के दौरान शनिवार को कई सेवा कार्य किए गए। कहीं जल संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश दिया गया, तो कहीं स्वच्छता अभियान, गौ सेवा और वृद्धाश्रमों में सेवा के जरिए सामाजिक जिम्मेदारी निभाई गई। यात्रा के हर पड़ाव पर लोगों से जुड़ने और समाज के लिए सकारात्मक काम करने का प्रयास किया गया।

देशभर में शनिवार को कुल 20 सेवा यात्राएं सक्रिय रहीं। इनमें मध्य प्रदेश में 11, राजस्थान में 5, महाराष्ट्र में 1 और उत्तर प्रदेश में 3 यात्राएं शामिल हैं। सेवा यात्रियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।

शनिवार को भाजपा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार दिनभर जल संरक्षण, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, गौ सेवा और वृद्धाश्रमों में सेवा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई जगहों पर प्रतिभागियों ने अंगदान का संकल्प भी लिया। इसके जरिए जीवन के बाद भी समाज के लिए योगदान देने का संदेश दिया गया।

यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों, युवाओं और स्थानीय लोगों के बीच संवाद भी हुआ। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद शोभना बेन, शिवमंगल सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद मुकेश राठवा और लोकसभा सांसद वीडी शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधियों ने अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर सेवा यात्रियों का उत्साह बढ़ाया।

सेवा संकल्प यात्रा में लाभार्थी संवाद भी प्रमुख गतिविधि रहा। इसके तहत सेवा यात्री उन लोगों से मिल रहे हैं, जिन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। लाभार्थी अपनी व्यक्तिगत कहानियां साझा कर रहे हैं और बता रहे हैं कि सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में किस तरह बदलाव आया।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाने की यात्रा नहीं है, बल्कि यह सीखने, सेवा करने और समाज से जुड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब युवा खुद पौधा लगाता है, बुजुर्गों की सेवा करता है, गौ सेवा में हिस्सा लेता है या किसी लाभार्थी की कहानी सुनता है, तो सेवा उसके लिए सिर्फ विचार नहीं रह जाती, बल्कि व्यक्तिगत अनुभव बन जाती है।

उन्होंने कहा कि लाभार्थियों से बातचीत में सामने आ रही कहानियां युवाओं को यह समझने का अवसर देती हैं कि जनसेवा का मतलब लोगों के जीवन को समझना और उनकी प्रगति में साथ खड़ा होना है।

सेवा संकल्प यात्रा के जरिए युवाओं को सेवा कार्यों में सीधे भाग लेने का अवसर मिल रहा है। यात्रा विभिन्न राज्यों में युवाओं और स्थानीय समुदायों को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी