प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प पर 17 सितंबर से विशेष अभियान
पश्चिम बर्दवान, 12 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, त्याग और तपस्या को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विशेष ‘सेवा-संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा को देखते हुए अभियान के अधिकांश प्रमुख कार्यक्रम नौ अक्टूबर तक पूरा करने की तैयारी है। अभियान के तहत देशभर में 13 तथा पश्चिम बंगाल में 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आसनसोल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम से होगी। शाम सात बजे देशभर के साथ पश्चिम बंगाल के गांव-गांव में दीप जलाए जाएंगे। राज्य में करीब डेढ़ करोड़ दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। गंगा घाट पर एक लाख दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत करने की योजना है। इसके बाद मंत्री, विधायक और पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में मंदिरों, पार्टी कार्यालयों और प्रमुख स्थानों पर दीप जलाएंगे।
अभियान में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों को भी जोड़ा जाएगा। राशन, कोविड टीकाकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आंगनबाड़ी सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों से प्रधानमंत्री के प्रति अपना आशीर्वाद व्यक्त करने की अपील की गई है।
‘स्वप्न का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों से 2047 में भारत और विकसित बंगाल की उनकी कल्पना को सामने रखने को कहा जाएगा। कक्षा पांच से सात और कक्षा आठ से बारह तक के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्ग होंगे। स्कूल, जिला, राज्य और केंद्रीय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसके अलावा कॉमिक्स के माध्यम से बच्चों को उनके गांव, मोहल्ले और विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर छोटे बच्चों और उनकी माताओं को सम्मानित करने के साथ पोषण और स्वस्थ विकास को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, रैलियां, ‘सेवा महायज्ञ’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा रंग’ और ‘सेवा भारत इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कई कार्यक्रम भी होंगे।
सेवा-संकल्प अभियान के प्रभारी तथा राज्य कमेटी सदस्य विद्यासागर चटर्जी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सार्वजनिक सेवा यात्रा शुरू की थी। करीब 13 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहने के बाद वे देश के प्रधानमंत्री बने। सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अभियान के माध्यम से उनके कार्यों, विचारों और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ भी अभियान का हिस्सा होगी। वाराणसी के विभिन्न पवित्र स्थानों से जल एकत्र कर वडनगर ले जाया जाएगा, जहां महादेव का अभिषेक कर देश की समृद्धि और गौरव के लिए प्रार्थना की जाएगी। पश्चिम बंगाल से करीब 50 युवा भी इस यात्रा में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि ‘गाथा’ और ‘मेरी कहानी’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। लाभार्थी मोबाइल से वीडियो बनाकर ‘माई गवर्नमेंट भारत’ पोर्टल पर अपनी कहानी साझा कर सकेंगे।
डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा सात अक्टूबर 2001 से शुरू हुई थी और अब उसके 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उनके अनुसार मोदी ने शासन को केवल सत्ता और प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं माना, बल्कि गरीब, वंचित और पीड़ित लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए सेवा के रूप में काम किया।
उन्होंने गुजरात में बिजली, सड़क, नर्मदा का पानी, जल प्रबंधन और साबरमती रिवर फ्रंट जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास की इसी सोच को पश्चिम बंगाल में भी आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र सरकार की राशन, आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, जनधन, डिजिटल इंडिया, किसान सम्मान निधि, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू होने वाले एक माह के अभियान में आसनसोल जिले के प्रत्येक नागरिक को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से 17 सितंबर की शाम सात बजे अपने घर के सामने दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सेवा महायज्ञ के 25 कार्यों में से प्रत्येक कार्यकर्ता और संगठन को कम से कम दो सेवा कार्य अपने क्षेत्र में करने चाहिए। इनमें नदी की सफाई, महिला स्वास्थ्य जांच, गांव में सेवा कार्य, योग और स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। अक्टूबर में कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं के लिए बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्लास्टिक से कपड़े और सड़क निर्माण सामग्री तैयार करने जैसे नवाचार करने वाले युवाओं तथा स्टार्टअप को इसमें सम्मानित किया जाएगा।
अभियान के अंतिम चरण में ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से संसद’ आयोजित होगा, जिसमें सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें 2047 तक विकसित भारत और विकसित बंगाल के लक्ष्य को लेकर विकास की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, जिला कमेटी के महासचिव अपूर्व हाजरा, संपा राय, रानीगंज विधायक पार्थ घोष, मदन चौबे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा