सिंधिया मंगलवार को प्रधानमंत्री संग्रहालय में डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे

 


नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया यहां प्रधानमंत्री संग्रहालय में मंगलवार से चार दिवसीय एक विशेष डाक टिकट प्रदर्शनी एक भारत, श्रेष्ठ भारत: डाक टिकटों के माध्यम से भारत की एकता और लोकतंत्र का उत्सव का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) के मुताबिक यह प्रदर्शनी संचार मंत्रालय के डाक विभाग के सहयोग से आयोजित की जाएगी। उद्घाटन समारोह 14 अप्रैल को दोपहर 12 प्रधानमंत्री संग्रहालय के ब्लॉक-I स्थित 'परिचय गैलरी' में होगा। यह प्रदर्शनी 17 अप्रैल तक चलेगी। इस दौरान भारत के संविधान, डॉ. बीआर आंंबेडकर और 'भारत के लोग' विषयों पर आधारित विशेष 'पिक्चर पोस्टकार्ड' जारी किए जाएंगे। संग्रहालय ने देशभर से निजी डाक टिकट संग्राहकों को इस प्रदर्शनी में अपने संग्रह प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित किया है। इसका मुख्य उद्देश्य डाक टिकटों के माध्यम से भारत की विकास यात्रा और उसके मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों को जनता के सामने लाना है।

यह प्रदर्शनी स्वतंत्रता के बाद से जारी किए गए दुर्लभ और महत्वपूर्ण डाक टिकटों के माध्यम से भारत की एकता, लोकतंत्र और सांस्कृतिक विविधता की यात्रा को प्रस्तुत करेगी। इसमें मुख्य रूप से कई विषयों को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री-राष्ट्रपति, भारतीय संविधान -लोकतांत्रिक संस्थाएं, स्वतंत्रता सेनानी-सांस्कृतिक विविधता और देशभर के निजी संग्रहकर्ताओं के दुर्लभ डाक टिकट शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान डाक विभाग और पीएमएमएल के बीच एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। प्रदर्शनी का समापन 17 अप्रैल को पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 99वीं जयंती के अवसर पर होगा, जिसमें उन्हें समर्पित एक 'विशेष आवरण' जारी किया जाएगा। आगंतुकों, डाक टिकट संग्राहकों, विद्यार्थियों तथा आम जनता को डाक टिकट संग्रह की कला के माध्यम से इतिहास, विरासत और लोकतंत्र के इस अनूठे उत्सव का अनुभव प्राप्त होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी