ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की कार्ययोजना पर सिंधिया ने की समीक्षा
नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को ग्वालियर में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) की आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को परियोजना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने और निर्धारित समयसीमा के अनुसार जमीनी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
संचार मंत्रालय के अनुसार, बैठक में टीएमजेड के क्रियान्वयन और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। सिंधिया ने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों में तेजी लाने तथा निवेशकों के लिए आवश्यक सुविधाएं और अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
ग्वालियर में प्रस्तावित टीएमजेड को एशिया का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन बताया गया है। इसके लिए 30 जुलाई 2026 को केंद्रीय दूरसंचार विभाग और मध्य प्रदेश सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए थे।
परियोजना को लेकर नई दिल्ली में आयोजित पहली निवेशक राउंडटेबल में 3,500 करोड़ रुपये के निवेश और करीब 14,000 रोजगार अवसरों की प्रतिबद्धता सामने आई थी। इसके बाद 4 अगस्त 2026 को मुंबई में आयोजित निवेशक बैठक में करीब 2,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की प्रतिबद्धता मिली। इससे प्रस्तावित कुल निवेश 5,500 करोड़ रुपये और संभावित रोजगार अवसर 18,000 से अधिक हो गए हैं।
हाल ही में सिंधिया ने ग्वालियर में टीएमजेड के लिए प्रस्तावित भूमि का स्थल निरीक्षण कर परियोजना की तैयारियों और जमीनी स्थिति की जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ बेंगलुरु में आयोजित निवेशक राउंडटेबल में निवेशकों से परियोजना को लेकर चर्चा की थी।
उल्लेखनीय है कि टीएमजेड के पहले चरण में 170 एकड़ क्षेत्र में प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक क्लस्टर विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इसमें दूरसंचार और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के साथ अनुसंधान एवं विकास तथा नवाचार से जुड़ी गतिविधियों के लिए एकीकृत सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर