संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित महिलाओं की स्थिति पर गठित आयोग के 70वें सत्र में भाग लेंगी सावित्री ठाकुर

 


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)।

महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर 9 से 12 मार्च तक अमेरिका की यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान वे संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित महिलाओं की स्थिति पर गठित आयोग के 70वें सत्र में भाग लेंगी।

महिलाओं की स्थिति पर आयोग लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए समर्पित प्रमुख वैश्विक अंतर-सरकारी निकाय है।

इस यात्रा के दौरान मंत्री आयोग की चर्चा में भारत की ओर से वक्तव्य देंगी। इसके अलावा वे “महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ हिंसा” विषय पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक को भी संबोधित करेंगी।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के बयान के अनुसार सावित्री ठाकुर अपने संबोधन में महिला-नेतृत्व वाले विकास, न्याय तक बेहतर पहुंच तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए भारत की पहलों को उजागर करेंगी।

मंत्री एक साइड इवेंट में भी भाग लेंगी जिसका विषय होगा-

“महिला-नेतृत्व वाला विकास और दक्षिण-दक्षिण सहयोग फंड की सफलता की कहानियां” है।

यह कार्यक्रम न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसमें भारत-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका फंड के तहत चलाए गए सफल विकास सहयोग कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया जाएगा, विशेषकर वे पहल जो महिलाओं के सशक्तीकरण और ग्लोबल साउथ के देशों में समावेशी विकास को मजबूत करने पर केंद्रित हैं।

सीएसडब्ल्यू -70वें सत्र के मुख्य विषयों में सभी महिलाओं और बालिकाओं के लिए न्याय तक पहुंच सुनिश्चित और मजबूत करना, जिसमें समावेशी और समान कानूनी व्यवस्था को बढ़ावा देना, भेदभावपूर्ण कानूनों, नीतियों और प्रथाओं को समाप्त करना तथा संरचनात्मक बाधाओं को दूर करना शामिल है।

समीक्षा विषय के तहत सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की पूर्ण और प्रभावी भागीदारी और निर्णय-निर्माण तथा महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। यह 65वें सत्र के सहमति निष्कर्षों के अनुरूप होगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी