संत गजानन महाराज के 150वें प्राकट्य दिवस पर ₹150 का स्मारक सिक्का, डाक टिकट जारी करने की मांग

 


नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने केंद्र सरकार से संत गजानन महाराज के 150वें प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में 150 रुपये का स्मारक सिक्का तथा स्मारक डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया है।

प्रताप राव जाधव ने इस संबंध में शनिवार को केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।

पत्र में उन्होंने बताया कि संत गजानन महाराज का जन्म फरवरी 1878 में महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के शेगांव में हुआ था। तब से शेगांव देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में शामिल हो गया, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि संत गजानन महाराज का जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेश—भक्ति, करुणा, निःस्वार्थ सेवा तथा मानव कल्याण—आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करते हैं। उनके जीवन और उपदेशों का वर्णन प्रसिद्ध धार्मिक ग्रंथ ‘श्री गजानन विजय’ में मिलता है, जिसे श्रद्धालु अत्यंत श्रद्धा से पढ़ते हैं।

जाधव ने श्री गजानन महाराज संस्थान, शेगांव द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, सामाजिक कल्याण और मानवीय सेवा के क्षेत्रों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करना संत गजानन महाराज की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

उन्होंने कहा कि 25 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति ने आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय आरोग्य मेले का उद्घाटन करने के लिए शेगांव का दौरा किया था। इससे शेगांव की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और जनसेवा के केंद्र के रूप में विशेष पहचान और मजबूत हुई।

उल्लेखनीय है कि 17 फरवरी 2028 को संत गजानन महाराज का 150वां प्राकट्य दिवस मनाया जाएगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी