सरके चुनर तेरी सरके गाने को लेकर एनसीडब्ल्यू के सामने हुए पेश संजय दत्त, मांगी माफी

 




नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। सरके चुनर तेरी सरके गीत को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के सामने अभिनेता संजय दत्त पेश हुए। उन्होंने लिखित में माफी मांगी और महिला सशक्तिकरण में सकारात्मक योगदान का संकल्प लिया।

इस मामले में सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। आयोग ने जानकारी दी कि संजय दत्त ने आयोग के सामने बिना शर्त लिखित माफी पेशी की। संजय दत्त ने अपने माफीनामा में लिखा कि समाज को अनजाने में पहुंची किसी भी ठेस के लिए उन्हें खेद है और वे रचनात्मक कार्यों में महिलाओं के सम्मानजनक चित्रण के महत्व को स्वीकार करते हैं।

सुनवाई के दौरान आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने पूछा कि क्या इस तरह की सामग्री में काम करने से पहले पर्याप्त सावधानी बरती गई थी? उन्होंने कहा कि वरिष्ठ और प्रभावशाली कलाकारों को अपने काम में सामाजिक और कानूनी मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए। विजया रहाटकर ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है, लेकिन उसे जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और महिलाओं की गरिमा के सम्मान के साथ इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

आयोग ने बताया कि

सुधारात्मक कदम के रूप में संजय दत्त ने 50 आदिवासी बालिकाओं की शिक्षा का खर्च उठाने का संकल्प लिया, ताकि महिला सशक्तिकरण में सकारात्मक योगदान दिया जा सके।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में उनके सभी आर्टिस्ट एग्रीमेंट्स में कानूनी जांच अनिवार्य होगी, ताकि फिल्मों और अन्य प्रोजेक्ट्स में महिलाओं और बच्चों का सम्मानजनक चित्रण सुनिश्चित किया जा सके।

आयोग ने बताया कि नोरा फतेही को भी आज आयोग के सामने पेश होना था, लेकिन विदेश में होने के कारण वे उपस्थित नहीं हो सकीं। उन्होंने नई तारीख देने का अनुरोध किया है।

इससे पहले छह अप्रैल को निर्देशक किरण कुमार (प्रेम), गीतकार रकीब आलम और केवीएन प्रोडक्शन कंपनी के प्रतिनिधि भी आयोग के सामने पेश होकर माफी मांग चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी