समृद्धि हाइवे का दूसरा चरण राष्ट्र को समर्पित, शिर्डी से नागपुर तक 600 किमी हिस्सा वाहनों के लिए खुला

 


मुंबई, 26 मई (हि.स.)। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिरडी में समृद्धि हाइवे के दूसरे चरण का लोकार्पण किया। इससे समृद्धि हाइवे का शिर्डी से नागपुर तक का 600 किलोमीटर का मार्ग आम नागरिकों के लिए खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि दिसंबर तक मुंबई से नागपुर तक का पूरा मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा और इसे आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। मौके उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिरडी से इगतपुरी तक 80 किमी सड़क का काम पूरा हो चुका है। इस हाइवे से मुंबई और आसपास के शहरों से शिरडी जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा और समृद्धि हाइवे से 23 जिले जुड़ जाएंगे। मुंबई से नागपुर तक के 701 किमी में से 600 किमी के हाइवे को आवागमन के लिए खोल दिया गया है और इस राजमार्ग पर आज से यातायात शुरू हो गया है। इससे पहले पिछले दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिरडी और नागपुर के बीच 520 किलोमीटर लंबे समृद्धि राजमार्ग के पहले चरण का लोकार्पण किया था। आज समृद्धि हाइवे के दूसरे चरण का लोकार्पण किया जा रहा है। इसी वर्ष जनवरी तक यह हाइवे पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा।

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस हाइवे के निर्माण में बहुत समस्याएं आई थीं। जमीन देने के लिए किसानों ने आंदोलन किया था लेकिन जिस गांव में जमीन देने के लिए आंदोलन किया गया था, उस गांव के लोगों ने बाद में सबसे पहले जमीन दी थी। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बहुत जल्द यह हाइवे मुंबई से नागपुर तक आम जनता के लिए तैयार हो जाएगा और इसका लाभ राज्य की जनता को होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ राजबहादुर/दधिबल