उप्र के सहारनपुर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद मिला 20 फीट गहरा कुआं, एएसआई से जांच की तैयारी

 




स्लैब हटाने के बाद सामने आया कुआं, प्रशासन एएसआई को देगा सूचना, मौके पर पुलिस फोर्स तैनात

सहारनपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण के 24 घंटे से अधिक समय बाद मलबा हटाने के दौरान करीब 20 फीट गहरा और डेढ़ मीटर चौड़ा कुआं सामने आया है। कुआं एक भारी स्लैब के नीचे मिला। स्लैब को पोकलैंड मशीन से हटाने में सफलता नहीं मिली तो कटर से काटकर उसे हटाया गया, जिसके बाद नीचे कुआं दिखाई दिया।

कुएं की उम्र और निर्माण को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दे दी है। कुएं की प्रकृति और ऐतिहासिक महत्व की जांच के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को सूचना दिए जाने की संभावना है। एएसआई की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुआं कितना पुराना है और इसका ऐतिहासिक महत्व क्या है?

मस्जिद हटाने की याचिका देने वाले बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने कुआं मिलने के बाद इसे अपने पुराने दावे से जोड़ते हुए एएसआई जांच की मांग की है। हालांकि, कुआं मिलने मात्र से किसी पुराने धार्मिक स्थल के अस्तित्व की पुष्टि नहीं होती। इसकी वास्तविक स्थिति विशेषज्ञों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

उधर, ध्वस्तीकरण के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। मस्जिद स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है और आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। प्रशासन की निगरानी में मलबा हटाने का काम जारी है।

सदर एसडीएम सुबोध कुमार ने बताया कि मलबा हटाने के दौरान एक भारी स्लैब के नीचे करीब 20 फीट गहरा और लगभग डेढ़ मीटर चौड़ा कुआं मिला है। उन्होंने बताया कि मस्जिद का निर्माण इसी कुएं के ऊपर किया गया था। कुआं कितना पुराना है, इसका निर्माण कब और किसके द्वारा कराया गया था, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इसके लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और संबंधित तकनीकी टीमों से कुआं की जांच कराई जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर कुएं को फिलहाल लोहे की चादर से ढक दिया गया है।

मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) का 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को सहारनपुर पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात करेगा और प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत करेगा। वहीं, सहारनपुर आने वाले मेरठ के विधायक अतुल प्रधान को नौचंदी पुलिस द्वारा देर रात उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / MOHAN TYAGI