साहित्य अकादमी का युवा पुरस्कार अतुल राय, सूर्यनाथ सिंह को बाल साहित्य पुरस्कार

 








नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। साहित्य अकादमी ने वर्ष 2023 के लिए युवा और बाल साहित्य पुरस्कार की शुक्रवार को घोषणा की। हिंदी के लिए युवा पुरस्कार अतुल कुमार राय के उपन्यास चांदपुर की चंदा और बाल साहित्य के लिए सूर्यनाथ सिंह की पुस्तक कौतुक ऐप को प्रदान किया जाएगा।

साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में अकादमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में 20 युवा लेखकों की पुस्तकों एवं 22 बाल साहित्यकारों के लिए पुरस्कार-2023 अनुमोदित किए गए। इन पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने पुरस्कार के लिए चुना। मैथिली, मणिपुरी और संस्कृत भाषा के युवा पुरस्कार बाद में घोषित किए जाएंगे। इस वर्ष ओडिया भाषा में पुरस्कार की घोषणा नहीं की गई है। मणिपुरी भाषा में बाल साहित्य पुरस्कारों की घोषणा बाद में की जाएगी।

इस वर्ष कश्मीरी भाषा में बाल साहित्य पुरस्कार प्रदान नहीं किया गया है। दोनों श्रेणियों में पुरस्कार उन पुस्तकों से संबंधित हैं, जो पुरस्कार वर्ष के तत्काल पूर्ववर्ती वर्ष के अंतिम पांच वर्षों में (अर्थात एक जनवरी 2017 से 31 दिसंबर 2021 के मध्य) प्रथम बार प्रकाशित हुई हैं। दोनों पुरस्कारों के लिए पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50 हजार रुपये की सम्मान राशि बाद में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

साहित्य अकादमी के मुताबिक हिंदी के लिए युवा पुरस्कार अतुल कुमार राय के उपन्यास चांदपुर की चंदा को प्रदान किया जाएगा। अंग्रेजी के लिए अनिरुद्ध कानिसेट्टी की पुस्तक लॉर्ड्स ऑफ द डेक्कन: सदर्न इंडिया फ्रॉम द चालुक्याज टु द चोलाज, पंजाबी के लिए संदीप के कविता संग्रह चित्त दा जुगराफिया और उर्दू के लिए तौसीफ बरेलवी के कहानी संग्रह जहन जाद को पुरस्कृत किया गया है।

हिंदी में बाल साहित्य के लिए सूर्यनाथ सिंह की पुस्तक कौतुक ऐप, अंग्रेज़ी में सुधा मूर्ति की पुस्तक ग्रैंडपैरेंट्स बैग ऑफ स्टोरीज, पंजाबी के लिए गुरमीत कड़िआलवी की पुस्तक सची दी कहानी एवं उर्दू के लिए स्व. मतीन अचालपुरी की पुस्तक ममता की डोर को पुरस्कृत किया गया है।

युवा पुरस्कार प्राप्त अन्य लेखक

असमिया - जिंटु गीतार्थ मन मोरा तोरा (कहानी), बांग्ला- हमीरुद्दीन मिद्द्या मथरखा (कहानी), बोडो- माइनावस्त्रि दैमारि सम, जिउ, आरो...(कविता), डोगरी- धीरज बिस्मिल आह्लड़ा (नाटक), गुजराती- सागर शाह गेट टुगेदर (कहानी), कन्नड़ - मंजुनायक चल्लूरु फू मत्तू इतर कथेगलु (कहानी), कश्मीरी- निगहत नसरीनलले निलवाठ (कविता), कोंकणी- तन्वी कामत बांबोलकार शाट्स (कहानी), मलयालम्- गणेश पुथुर अचंटे अलमारा (कविता), मराठी - विशाखा विश्वनाथ स्वतःला स्वतरूविरुद्ध उभं करताना (कविता), नेपाली - नैना अधिकारी घात-प्रतिघातका उद्गारहरू (कविता), राजस्थानी - देवीलाल महिया अंतस रो ओलमो (कविता), संताली - बापी टुडू दुसी (कहानी), सिंधी- मोनिका जे. पंजवानी ग्लैमर (कहानी), तमिल - राम थंगम तिरुकरतियल (कहानी), तेलुगु- जॉनी तक्केदासिला विवेचनी (आलोचना)।

बाल साहित्य पुरस्कार प्राप्त अन्य साहित्यकार

असमिया - रॅथींद्रनाथ गोस्वामी पोवालमोनि चिंचिंगर दुहक्षहक्षिक अभिज्ञान (उपन्यास), बांग्ला- श्यामलकांति दास एरोप्लेनेर कथा (उपन्यास), बोडो - प्रतिमा नंदी नार्ज़ारी गसाइनि गोजोन नोजोर (कहानी), डोगरी - बलवान सिंह जमोड़िया कंजकां (कविता), गुजराती - रक्षाबहेन प्रह्लाद राव दवे हुं म्याउं तुं चूं चूं (कविता और कहानी), कन्नड - विजयश्री हालादि सुरक्कि गेट (उपन्यास), कोंकणी - तुकाराम रामा शेट जाण (उपन्यास), मैथिली - अक्षय आनंद ‘सन्नी’ ओल कतरा, झोल कतरा (कविता), मलयालम - प्रिया ए.एस. पेरूमालयते कुंजीथलुगल (उपन्यास), मराठी - एकनाथ आव्हाड छंद देई आनंद (कविता), नेपाली - मधुसूदन विष्ट बाल एकांकी नाटकहरू (नाटक), ओडिया - जुगल किशोर षडंगी जेजेन्का गप गंथिलि (कहानी), राजस्थानी - किरण बादल टाबरां री दुनियां (संस्मरण), संस्कृत - राधावल्लभ त्रिपाठी मानवी (उपन्यास), संथाली - मानसिंह माझी नेने-पेटे (कहानी), सिंधी - ढोलणु राही वांणमल जी शादी (कविता), तमिल - उदयशंकर आदनिन बोम्मई (उपन्यास), तेलुगु - डी.के. चादुवुल बाबु वज्राला वाना (कहानी)।

हिन्दुस्थान समाचार/पवन/मुकुंद