पश्चिम बंगाल के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होगा सागर परिक्रमा चरण- 12 कार्यक्रम

 

नई दिल्ली, 9 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री परषोत्तम रूपाला और राज्य मंत्री डा. एल मुरुगन के साथ 10 से 11 जनवरी के दौरान पश्चिम बंगाल के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सागर परिक्रमा चरण- 12 कार्यक्रम में भाग लेंगे।

एक सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मत्स्य पालन विभाग और पश्चिम बंगाल सरकार, राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड, भारतीय तट रक्षक, भारतीय मत्स्य सर्वेक्षण, मछुआरा संघ और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी सागर परिक्रमा चरण- 12 कार्यक्रम में भाग लेंगे। सागर परिक्रमा के पहले चरण की यात्रा 5 मार्च, 2022 को मांडवी, गुजरात से शुरू हुई थी।

सागर परिक्रमा चरण- 12 कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री रुपाला विशेष रूप से तटीय मछुआरों और मछली किसानों, युवा मत्स्य उद्यमियों आदि को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) लाभार्थियों और अन्य हितधारकों को सम्मानित करेंगे। पश्चिम बंगाल आठ लाख हेक्टेयर से अधिक अंतर्देशीय जल निकायों और 158 किमी की तट रेखा के साथ विविध जलीय संसाधनों वाले छह कृषि-जलवायु क्षेत्रों से संपन्न है। सागर परिक्रमा चरण-12 पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र दीघा, शंकरपुर फिशिंग हार्बर, डायमंड हार्बर में सुल्तानपुर फिशिंग हार्बर और गंगा सागर को कवर करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिरंचि सिंह/दधिबल