70 हजार ग्रामीण युवाओं को अक्टूबर से डीडीयू-जीकेवाई 2.0 के तहत कौशल प्रशिक्षण

 

नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई) 2.0 के तहत देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अक्टूबर 2026 से करीब 70 हजार ग्रामीण युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण शुरू होगा। इन राज्यों में 2,015 प्रशिक्षण बैच शुरू किए जाने की तैयारी है। केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्रशिक्षण बैच निर्धारित समयसीमा में शुरू करने के लिए लक्ष्य आवंटन की प्रक्रिया तेज करने को कहा है।

ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, डीडीयू-जीकेवाई 2.0 पोर्टल पर 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों को 1,200 से अधिक परियोजनाओं के लिए 5.6 लाख प्रशिक्षण लक्ष्यों का आवंटन किया जा चुका है। अन्य राज्य भी लक्ष्य आवंटन की प्रक्रिया के अंतिम चरण में हैं।

डीडीयू-जीकेवाई गरीब ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जुड़े कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने वाली केंद्र प्रायोजित योजना है। इसके तहत प्रशिक्षण की अवधि तीन से 12 महीने तक होती है। वर्ष 2026-28 की दो साल की अवधि के लिए सभी 31 भागीदार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 9 लाख से अधिक प्रशिक्षण लक्ष्यों का आवंटन किया गया है।

योजना के तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ग्रामीण युवाओं को जुटाकर मांग के अनुसार सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल में रोजगार से जुड़े कौशल प्रशिक्षण आयोजित करना है। प्रशिक्षण पाठ्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचे (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप होंगे, ताकि लाभार्थियों को स्थायी रोजगार के लिए तैयार किया जा सके।

मंत्रालय ने कहा कि यह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए योजना को जमीन पर तेजी से लागू करने का महत्वपूर्ण चरण है। उन्हें परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों को लक्ष्य आवंटित कर निर्धारित समयसीमा के अनुसार प्रशिक्षण बैच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 31 अक्टूबर 2026 तक परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों को लक्ष्य आवंटित करना सुनिश्चित करना है।

प्रशिक्षण बैच शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ चरणबद्ध समीक्षा बैठकें भी कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर