‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ एकता के संकल्प का प्रतीक, युवा उनके जीवन-विचारों को करें आत्मसात : प्रह्लाद जोशी

 




- केन्द्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को दिखाई हरी झंडी- जनसमूह को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। केन्द्रीय शिक्षा, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलात मंत्री प्रह्लाद जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर जयपुर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री जोशी ने कहा कि आज हम जिस ‘एक भारत’ को देख रहे हैं, उसके पीछे सरदार पटेल के कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम का ऐतिहासिक योगदान है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के संकल्प को ‘श्रेष्ठ भारत’ के रूप में साकार करने का कार्य किया जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत का निर्माण किया। वहीं, राजस्थान के निर्माण में भी उनके योगदान को हमेशा याद किया जाना चाहिए। उन्होंने ही 30 मार्च, 1949 को वृहद राजस्थान को साकार किया था। सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए गुजरात के केवड़िया में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थापित की गई है, जो राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और एकता के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से प्रतिमा का अवलोकन करने और सरदार पटेल के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया था। हमारी भाषाएं-परम्पराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि सरदार पटेल के सपनों का सशक्त भारत युवाओं के सहयोग से बन सकता है। इसलिए देश के युवाओं को माय भारत जैसे मंचों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है। स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना ने युवाओं को नौकरी खोजने वाले से नौकरी देने वाला बनाया है। वहीं, खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट के जरिए गांव-ढाणी की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहरा रही हैं।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार हर नौजवान को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्तियां, आधुनिक खेल सुविधा और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध करवा रही है। युवा नीति, नई रोजगार नीति, राज्य कौशल नीति के जरिए भविष्य को सुदृढ़ करने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में 410 परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाकर 1 लाख 93 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। इसके अलावा 1 लाख 18 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। साथ ही, 5 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 4 लाख लाभार्थियों को 1 हजार 643 करोड़ की राशि युवा संबल योजना के तहत वितरित की गई है। एक जिला-एक खेल योजना और खेल जीवन बीमा योजना लॉन्च की गई हैं। 2028 ओलम्पिक के लिए विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ‘मिशन ओलम्पिक-2028’ शुरू किया है। इसके लिए 20 करोड़ की लागत से सेंटर फॉर एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है। वहीं, 50 खेलो इंडिया केन्द्रों की स्थापना की गई है। उन्होंने आह्वान किया कि सरदार पटेल के विचारों को अपनाकर अनुशासन, सेवा एवं राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करें।

रन फॉर यूनिटी में कई पदक विजेता खिलाड़ियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारीक