शताब्दी वर्ष पर जोधपुर में निकला पथ संचलन, डॉ. मोहन भागवत ने किया निरीक्षण
-जोधपुर में आरएसएस के पथ संचलन में पांच हजार से अधिक स्वयंसेवक शामिल
जोधपुर, 14 नवम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर जोधपुर में पहली बार आयोजित चार दिवसीय मरु निनाद शिविर के तहत शनिवार को शहर में तीन मार्गों से पथ संचलन निकाला गया। इसमें पांच हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर संचलन का स्वागत किया। इस दौरान संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत भी मौजूद रहे। उन्होंने जालोरी गेट पर पहुंचकर पथ संचलन का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम के तहत शनिवार शाम चार बजे घोष संचलन निकाला गया। यह संचलन तीन निर्धारित मार्गों से एक साथ रवाना हुआ और करीब 50 मिनट में अपने-अपने गंतव्य पर पहुंचा। पहला संचलन सुमेर स्कूल से शुरू होकर पावटा चौराहा और कचहरी के सामने से होते हुए उम्मेद स्टेडियम पहुंचा। दूसरा संचलन उम्मेद स्टेडियम से नई सड़क, जालोरी गेट, गोल बिल्डिंग और बी रोड होते हुए गांधी मैदान पहुंचा। तीसरा संचलन गांधी मैदान से जलजोग चौराहा, 12वीं रोड और आखलिया चौराहा होते हुए प्रतापनगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर केशव परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
घोष संचलन के मार्ग में व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। महिलाओं ने मंगल कलश लेकर मंगल गीत गाए और दीप जलाकर अभिवादन किया। प्रमुख चौराहों पर संतों के सान्निध्य में स्वागत मंच सजाए गए। जगह-जगह स्वागत द्वार, रंगोलियां और कारपेट भी बिछाए गए। इस दौरान देवी-देवताओं, महापुरुषों तथा मारवाड़ के संतों और वीर-वीरांगनाओं की झांकियां भी सजाई गईं।
कार्यक्रम को लेकर बच्चियां अलग-अलग भेष धारण कर पहुंचीं। कोई मां दुर्गा, कोई मां भारती तो कोई मां काली का रूप धारण कर पहुंची। इसके साथ ही कई युवतियों ने अहिल्याबाई, लक्ष्मीबाई, रानी अब्बका का भी वेश धारण कर संचलन का स्वागत किया। पथ संचलन के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं जालोरी गेट चौराहे पहुंचीं। यहां महिलाएं केसरिया साफा पहनकर आई थीं। महिलाओं की ओर से रामायण के उत्तराकांड की चौपाई पढाई गई। इनमें भगवान राम के राज्याभिषेक की चौपाइयों को जय सिया राम की धुन के साथ गाया जा रहा था।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश