आरएसएस के नाम पर फर्जी पोस्ट के खिलाफ असम और दिल्ली की साइबर सेल में शिकायत दर्ज

 


गुवाहाटी, 23 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), उत्तर असम प्रांत के नाम पर एआई से तैयार सोशल मीडिया पर एक फर्जी पोस्ट जारी किया गया है। इस मामले में आरएसएस के गुवाहाटी महानगर संचालक गुरु प्रसाद मेधी ने साेमवार काे इस संबंध में गुवाहाटी स्थित असम साइबर सेल और नई दिल्ली के रोहिणी साइबर सेल में लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई है।

उन्होंने कहा है कि आरएसएस की छवि को लोगों के मन में खराब करने और लोगों को गलत दिशा में ले जाने के लिए किसी दुष्ट चक्र ने इस तरह की झूठी जानकारी वाला पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस प्रकार की झूठी जानकारी वाले पोस्ट के प्रचार से समाज की कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब और समाज की एकता-भाईचारे के प्रति खतरा पैदा हो सकता है।

इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए असम की क्राइम ब्रांच के साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरएसएस की गुवाहाटी महानगर समिति ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की अपील की है।

वहीं दूसरी ओर, इस मामले में नई दिल्ली के रोहिणी साइबर पुलिस चौकी में भी एक प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। नई दिल्ली के रोहिणी के सेक्टर 9, लाल ज्योति अपार्टमेंट निवासी अक्षय अग्रवाला ने रोहिणी सेक्टर 17 स्थित साइबर सेल पुलिस चौकी में 21 मार्च काे एक प्राथमिकी दर्ज करायी है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय