मप्र के शहडोल पहुंचे संघ प्रमुख भागवत, प्रशिक्षण शिविर में होंगे शामिल
शहडोल, 20 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को मध्य प्रदेश के शहडोल पहुंचे। डॉ. भागवत यहां पांडव नगर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में चल रहे संघ शिक्षा कार्यकर्ता विकास वर्ग में स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे। उनकी सुरक्षा की दृष्टि से चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
संघ के प्रचार विभाग के मुताबिक डॉ. भागवत आज सुबह ट्रेन से कटनी रेलवे स्टेशन आए और यहां से सड़क मार्ग से शहडोल पहुंचे। वे सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में चल रहे संघ शिक्षा कार्यकर्ता विकास वर्ग द्वितीय वर्ष में 22 मई तक शिरकत करेंगे। वह प्रतिदिन सुबह और शाम एक-एक सत्र लेंगे। शहडोल में 7 जून तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से लगभग 383 प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए हैं। यहां किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित है।
डॉ. भागवत का शहडोल जिले में यह पहला दौरा है। उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, लिहाजा उनकी सुरक्षा में लगभग 350 अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिनमें डीएसपी रैंक के अधिकारी, सीआईएसएफ की विशेष टुकड़ी और विभिन्न अलग-अलग जिलों से बुलाए गए पुलिस बल भी शामिल हैं।
शहडोल के जिला अधिकारी डॉ. केदार सिंह ने बताया कि 20 से 22 मई तक सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के सम्पूर्ण क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। आदेश का उल्लंघन करने की दशा में संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध भारतीय नागरिक संहिता के प्रावधानों के अधीन दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शहडोल के पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पांडव नगर क्षेत्र को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया है। पूरे इलाके में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर