तेलंगाना का रेलवे बजट बढ़कर 5,000 करोड़ रुपये हुआ, तीन बुलेट ट्रेन कॉरिडोर भी स्वीकृत : अश्विनी वैष्णव

 

हैदराबाद, 11 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार ने तेलंगाना में रेलवे अवसंरचना के विकास को गति देने के लिए राज्य का रेलवे बजट बढ़ाकर 5,000 करोड़ रुपये कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के दौरान अविभाजित आंध्र प्रदेश को रेलवे के लिए मात्र 880 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण पर अभूतपूर्व निवेश कर रही है।

शनिवार को हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एचआईसीसी) में विकसित भारत-2047 में तकनीक की भूमिका विषय पर आयोजित व्याख्यान को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके अलावा, तेलंगाना के 40 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण एवं पुनर्विकास के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।

रेल मंत्री ने कहा कि भारत में विकसित वंदे भारत ट्रेनें विश्व की सर्वश्रेष्ठ ट्रेनों में शामिल हैं। वर्तमान में तेलंगाना में वंदे भारत की पांच सेवाएं संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल यात्रा की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तेलंगाना में चार इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण इकाइयों को मंजूरी दी है। साथ ही देश में स्वीकृत तीन सेमीकंडक्टर निर्माण परियोजनाओं में से एक इकाई में उत्पादन भी शुरू हो चुका है, जो भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स और चिप निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार ने देशभर में सात नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी दी है। इनमें से तीन कॉरिडोर तेलंगाना से जुड़े हैं, जिनके माध्यम से हैदराबाद को चेन्नई, बेंगलुरु और मुंबई से हाई-स्पीड रेल नेटवर्क द्वारा जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय संपर्क, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

रेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना का परिचालन अगले वर्ष शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि हाई-स्पीड रेल परियोजनाएं भारत के परिवहन क्षेत्र में नए युग की शुरुआत करेंगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj