प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में शीर्ष पर : अजय भट्ट
- केन्द्रीय मंत्री ने युवाओं को सौंपा नियुक्ति पत्र
देहरादून, 22 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आज रोजगार और स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी के साथ शीर्ष पर पहुंचा है। अब तक 05 लाख से ज्यादा छात्रों को रोजगार के लिए नियुक्ति पत्र वितरण किया जा चुका है। आज विश्व में भारत के बढ़ते मान सम्मान का ही परिणाम है कि प्रधानमंत्री को 14 देशों से टॉप अवार्ड मिला है।
शनिवार को हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित 7वां रोजगार मेला कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट अपने हाथों से 08 विभागों से 25 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण किया। कुल 09 विभाग से 118 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिला।
इस अवसर पर अजय भट्ट ने कहा कि पिछले 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 लाख लोगों को रोजगार देने की बात कही थी। आज 07वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। लगभग 05 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिल चुका है। यह नियुक्ति पत्र खुलेआम दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 09 साल में देश को शीर्ष पर पहुंचाया है। भारत की आवाज को विश्व फॉलो कर रहा है। विश्व के 14 देशों में प्रधानमंत्री को टॉप अवार्ड मिला है। आज अमेरिका सहित अन्य देश भारत की बात को गंभीरता से लेते हैं। एक समय ऐसा था कि भारत के प्रधानमंत्री को अमेरिका के प्रधानमंत्री से मिलने के लिए इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी विश्व के सर्वमान्य नेता हैं। यूक्रेन युद्ध में भारत का विश्वास और कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है कि देश के सभी छात्र बम-गोले के गड़गड़ाहट में बीच सुरक्षित देश लौटे।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यार्थियों से कहा कि काम के साथ कोई समझौता नहीं करना है। राष्ट्र हित में अपने लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ने के संकल्प के साथ काम की ललक को बनाएं रखें।
केंद्रीय मंत्री के हाथों संचार मंत्रालय से विकास कुमार, वैष्णवी शाह, धीरज, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से विजय कुमार, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से पूजा, मंत्रालय विज्ञान से दिब्या राज, वित्त मंत्रालय से नवजोत कौर, ऊर्जा मंत्रालय से शिवम धीमान, अविनाश आंनद, सुमित मनवाल, मुकुल सिंह, देवनीत कौर, शालिनी प्रिया, वेदांत शुक्ला, सिमरीन शाहीन, पावर ग्रिड से श्वेता राणा, एलआईसी से रजत भारती, हरभजन सिंह, प्रवीण नेगी, लव कुश श्रीअंष भट्ट, रोहित कंसवाल, नंदिनी साक्षी चौहान, शोहित कुमार सहित अन्य को नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
इस मौके पर वित्त व संसदीय मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, कृषि व कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मंत्री धन सिंह रावत, सांसद टिहरी गढ़वाल माला राज्य लक्ष्मी शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक मुन्ना सिंह चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/वीरेन्द्र/वीरेन्द्र