आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए आरएमएल अस्पताल में फायर मार्शल तैनात
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच आगजनी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम कसने के लिए राममनोहर लोहिया अस्पताल ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर लिया है।
अस्पताल प्रशासन ने मंगलवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि अस्पताल के हर भवन में फायर अलार्म, स्प्रिंकलर और अग्निशमन उपकरणों की सुदृढ़ व्यवस्था के साथ प्रशिक्षित ‘फायर मार्शल’ तैनात किए गए हैं, जो आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
फायर सेफ्टी वीक 2026 (4–10 मई) के तहत संस्थान ने ‘सेफ स्कूल, सेफ हॉस्पिटल’ अभियान को तेज किया है। इसका फोकस केवल जागरूकता तक सीमित नहीं बल्कि रियल-टाइम रिस्पॉन्स और ग्राउंड-लेवल तैयारी को मजबूत करना है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अब तक 2000 से अधिक स्टाफ को फायर सेफ्टी और मरीजों की सुरक्षित निकासी का विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है। नर्सिंग स्टाफ से चुने गए फायर मार्शल किसी भी आपात स्थिति में नेतृत्व संभालते हुए तेज और व्यवस्थित रेस्क्यू सुनिश्चित करेंगे।
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी में आग लगने की सबसे बड़ी वजह ओवरलोडेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम है। एसी, कूलर और अन्य उपकरणों के लगातार उपयोग से वायरिंग पर दबाव बढ़ता है, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसके अलावा जर्जर वायरिंग, ढीले कनेक्शन, ज्वलनशील सामग्री का गलत भंडारण और फायर सिस्टम की अनदेखी भी आग की बड़ी वजह बनती हैं।
अस्पताल में नियमित मॉक ड्रिल, फायर ऑडिट और उपकरणों की सख्त मॉनिटरिंग के जरिए जोखिम को न्यूनतम करने की रणनीति अपनाई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी