जन्माष्टमी पर उत्तर रेलवे नई दिल्ली-सूबेदारगंज और दिल्ली-हरिद्वार के बीच चलाएगा दो अतिरिक्त विशेष ट्रेनें
नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और आगामी लंबे सप्ताहांत के दौरान यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दो और विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। नई दिल्ली-सूबेदारगंज के बीच सुपरफास्ट विशेष एक्सप्रेस और पुरानी दिल्ली-हरिद्वार के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। दोनों विशेष ट्रेनें तीन-तीन फेरे लगाएंगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि त्योहार और छुट्टियों के दौरान यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करने तथा यात्रियों को सुगम एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए इन अतिरिक्त सेवाओं का संचालन किया जा रहा है।
गाड़ी संख्या 02416/02415 नई दिल्ली-सूबेदारगंज-नई दिल्ली सुपरफास्ट विशेष एक्सप्रेस 3, 4 और 5 सितंबर को नई दिल्ली से और 4, 5 तथा 6 सितंबर को सूबेदारगंज से चलेगी। इसमें वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे होंगे।
गाड़ी संख्या 02416 नई दिल्ली से रात 11 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:45 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। रास्ते में यह रात 11:45 बजे गाजियाबाद, देर रात 1:05 बजे अलीगढ़, 2:18 बजे टूंडला, सुबह 4 बजे इटावा, 6:35 बजे गोविंदपुरी और सुबह 8:20 बजे फतेहपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 02415 सूबेदारगंज से दोपहर 12:10 बजे रवाना होकर रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन फतेहपुर में दोपहर 1:23 बजे, गोविंदपुरी में 2:55 बजे, इटावा में शाम 5:03 बजे, टूंडला में 6:55 बजे, अलीगढ़ में रात 8:30 बजे और गाजियाबाद में रात 10:45 बजे ठहरेगी।
उत्तराखंड की तीर्थनगरी हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 04413/04414 पुरानी दिल्ली-हरिद्वार-पुरानी दिल्ली अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 3, 4 और 5 सितंबर को पुरानी दिल्ली से तथा 4, 5 और 6 सितंबर को हरिद्वार से संचालित होगी।
गाड़ी संख्या 04413 पुरानी दिल्ली से रात 11 बजे रवाना होकर अगले दिन तड़के 4:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। रास्ते में यह रात 11:40 बजे गाजियाबाद, देर रात 12:25 बजे मेरठ सिटी, रात 1:05 बजे मुजफ्फरनगर और तड़के 3:40 बजे रुड़की पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04414 हरिद्वार से शाम 5 बजे रवाना होकर रात 10 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन रुड़की में शाम 6 बजे, मुजफ्फरनगर में 7:03 बजे, मेरठ सिटी में 7:55 बजे और गाजियाबाद में रात 9:08 बजे ठहरेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी