त्योहारी सीजन में उत्तर रेलवे चलाएगा आठ विशेष ट्रेनें

 


- वाराणसी-अयोध्या से लेकर पटना, जोगबनी और सीतामढ़ी तक मिलेगी अतिरिक्त रेल सेवा

नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। आगामी दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने आठ आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये विशेष ट्रेनें दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, चंडीगढ़ और फिरोजपुर छावनी से वाराणसी, अयोध्या, पटना, जोगबनी, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी समेत उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों के बीच चलाई जाएंगी। अलग-अलग मार्गों पर इन ट्रेनों के संचालन से त्योहारी सीजन में यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने गुरुवार को बताया कि विशेष ट्रेनों का संचालन अक्टूबर और नवंबर के दौरान अलग-अलग तिथियों में किया जाएगा। इन ट्रेनों में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे। रेलवे ने यात्रियों से विस्तृत समय सारणी और आरक्षण की स्थिति जानने के लिए राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) अथवा हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने का अनुरोध किया है।

दिल्ली-वाराणसी के बीच गाड़ी संख्या 04209/04210 वाराणसी-दिल्ली-वाराणसी आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस चलेगी। वाराणसी से यह ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को रात 22:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 13:45 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04210 दिल्ली से 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को शाम 18:50 बजे चलेगी तथा अगले दिन सुबह 09:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के 25-25 फेरे होंगे। मार्ग में मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, गजरौला, हापुड़, गाजियाबाद और नई दिल्ली में ठहराव होगा।

अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए गाड़ी संख्या 04213/04214 अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल-अयोध्या कैंट आरक्षित द्वि-साप्ताहिक स्पेशल चलाई जाएगी। अयोध्या कैंट से यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार और रविवार शाम 18:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 06:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार सुबह 09:00 बजे प्रस्थान कर रात 22:00 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में इसके 18-18 फेरे होंगे। रास्ते में बाराबंकी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ और गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव रहेगा।

चंडीगढ़ और पटना के बीच गाड़ी संख्या 04512/04511 चंडीगढ़-पटना जंक्शन-चंडीगढ़ साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल एक्सप्रेस चलेगी। चंडीगढ़ से यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार रात 23:35 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 21:15 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से वापसी में ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार रात 23:15 बजे चलेगी और अगले दिन रात 21:40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे होंगे। ट्रेन अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, उतरेठिया, सुल्तानपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर में रुकेगी। इसमें एसी और स्लीपर श्रेणी के कोच होंगे।

पंजाब से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 04616/04615 फिरोजपुर कैंट-पटना जंक्शन-फिरोजपुर कैंट साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस संचालित की जाएगी। फिरोजपुर कैंट से यह ट्रेन 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार दोपहर 12:00 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 18:35 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से वापसी में ट्रेन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार रात 20:20 बजे रवाना होगी और शुक्रवार रात 23:55 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में इसके 8-8 फेरे होंगे। रास्ते में मोगा, लुधियाना, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बालामऊ, आलमनगर, उतरेठिया, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, जंघई, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, रघुनाथपुर, आरा और दानापुर में ठहराव होगा।

वाराणसी-चंडीगढ़ के बीच गाड़ी संख्या 04227/04228 वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी द्वि-साप्ताहिक स्पेशल भी चलाई जाएगी। वाराणसी से यह ट्रेन 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार सुबह 11:05 बजे रवाना होकर अगले दिन तड़के 04:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से वापसी में यह 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार सुबह 06:00 बजे चलेगी और देर रात 00:55 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 18-18 फेरे होंगे। ट्रेन मां बेल्हा देवी धाम, रायबरेली, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर और अंबाला कैंट में रुकेगी।

पूर्वोत्तर बिहार और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 04008/04007 आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक स्पेशल चलेगी। आनंद विहार टर्मिनल से यह ट्रेन 10 अक्टूबर से 7 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार सुबह 08:30 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 15:00 बजे जोगबनी पहुंचेगी। जोगबनी से वापसी में यह 11 अक्टूबर से 8 नवंबर तक प्रत्येक रविवार शाम 18:30 बजे चलेगी और मंगलवार तड़के 03:00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 5-5 फेरे होंगे। मार्ग में गाजियाबाद, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया, अररिया कोर्ट और फारबिसगंज में ठहराव होगा।

उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर के लिए गाड़ी संख्या 04028/04027 आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर जंक्शन द्वि-साप्ताहिक स्पेशल चलाई जाएगी। आनंद विहार से यह ट्रेन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार सुबह 09:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 04:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में मुजफ्फरपुर से 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और शनिवार सुबह 06:15 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 05:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 13-13 फेरे होंगे। मार्ग में अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, छपरा, सोनपुर और हाजीपुर स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।

मिथिलांचल क्षेत्र के यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 04010/04009 दिल्ली-सीतामढ़ी-दिल्ली साप्ताहिक स्पेशल संचालित होगी। पुरानी दिल्ली से यह ट्रेन 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार रात 23:05 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 23:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। सीतामढ़ी से वापसी में ट्रेन 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार रात 00:45 बजे चलेगी और उसी दिन रात 20:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 6-6 फेरे होंगे। ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल और बैरगनिया में रुकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी