उपेन्द्र कुशवाहा फिर बने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। शनिवार को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अधिवेशन एवं सांगठनिक चुनाव कार्यक्रम में सर्वसम्मति से पार्टी के संस्थापक एवं वरिष्ठ नेता उपेन्द्र कुशवाहा को आगामी कार्यकाल 2026-29 के लिए पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इस मौके पर बिहार सहित देशभर से आए प्रतिनिधियों, प्रदेश अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी के अधिवेशन में देश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर व्यापक चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए।
इस मौके पर उपेन्द्र कुशवाहा ने पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किए जाने पर कहा कि निरंतर विश्वास एवं जिम्मेदारी के लिए पार्टी के बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के सभी सम्मानित, समर्पित और संघर्षिल साथियों का आभार।
बेटे और बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश को बिहार विधान परिषद (एमएलसी) के लिए एनडीए की ओर से उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि दीपक प्रकाश बिहार मंत्रिमंडल में बने रहेंगे और जब तक राज्य में एनडीए सरकार रहेगी, तब तक उनका मंत्री पद सुरक्षित रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एमएलसी का टिकट नहीं मिलने का अर्थ यह नहीं है कि उनकी पार्टी या उनके बेटे की राजनीतिक भूमिका कम हो गई है।
सूत्रों के अनुसार उपेन्द्र कुशवाहा को एनडीए के शीर्ष नेतृत्व की ओर से यह मैसेज मिल गया कि दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेज दिया जाएगा। कहा जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनो में राज्यपाल को कुछ सदस्यों को मानोनयन करना है। इसी में दीपक प्रकाश को एडजस्ट किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी