चावल बनेंगे खिले-खिले, दाल का नहीं निकलेगा पानी, ये हैक्स बनाएंगे कुकिंग आसान

खाना बनाते वक्त छोटी-छोटी परेशानियां कई बार बड़ी झंझट बन जाती हैं. ऐसे में अगर आपको कुछ कुकिंग हैक्स पता हो तो खाना बनाना आसान और मजेदार हो जाता है. तो चलिए जान लेते हैं 5 ऐसे ही हैक्स.

 

खाना बनाते वक्त छोटी-छोटी परेशानियां कई बार बड़ी झंझट बन जाती हैं. ऐसे में अगर आपको कुछ कुकिंग हैक्स पता हो तो खाना बनाना आसान और मजेदार हो जाता है. तो चलिए जान लेते हैं 5 ऐसे ही हैक्स.

हरी सब्जियां जैसे पालक या कोई भी साग, हरी मटर, ब्रोकोली को उबाल रहे हैं तो उसमें एक चौथाई चम्मच यानी बिल्कुल थोड़ी सी चीनी डाल दें. इससे सब्जियों का हरापन बना रहता है. इसके अलावा हरी सब्जी को उबालने के बाद तुरंत बर्फ वाले पानी में डाल दिया जाए तो भी इनका हरा रंग खिला-खिला बना रहेगा.  
चावल अक्सर अगर चिपके-चिपके हो जाते हैं तो हमेशा पानी नापकर ही रखें. जैसे एक कटोरी चावल बनाने हैं तो उसी कटोरी से नापकर डेढ़ गुना पानी रखें. अगर आपके चावल ज्यादा पानी सोखते हैं तो दो गुना पानी रख सकते हैं. चावल बनाते वक्त थोड़ा सा नींबू का रस और एक चम्मच ऑयल डाल देने से चावल खिले-खिले बनते हैं.

दाल बनाते वक्त कुकर से अगर पानी निकल जाता है तो इससे बचने का सिंपल तरीका है. आप दाल को पकाते वक्त उसमें थोड़ा सा घी या तेल डाल दें. इससे बुलबुले फूट जाते हैं और पानी ऊपर नहीं आता है. आप कोई छोटी स्टील की कटोरी या चम्मच भी बर्तन में डाल दें तो दाल बाहर नहीं निकलती है.

टमाटर, प्याज को तेल में भूना है और आपको तुरंत ग्राइंडर में पीसकर ग्रेवी तैयार करनी है, लेकिन इसे ठंडा करने में टाइम लगता है. ऐसे में कुछ आइसक्यूब्स को इसके साथ डालकर ग्राइंड कर लें. इसी तरह से आपको उबली हुई सब्जियों की प्यूरी बनानी हो तो भी इसी हैक का यूज करें. इससे काम फटाफट हो जाएगा. 

लहसुन छीलना ज्यादातर लोगों को पसंद नहीं होता है, क्योंकि इसके छिलके नाखूनों में चिपकने लगते हैं और ये बहुत ज्यादा टाइम भी लेता है. माइक्रोवेव है तो 1 से 2 मिनट के लिए लहसुन उसमें डाल दें. ये फटाफट छिल जाएगा. अगर माइक्रोवेव नहीं है तो लहसुन को गर्म पानी में डालकर छोड़ दें. तब तक बाकी के काम निपटा लें और लहसुन नर्म हो जाएगा. इसके बाद ये फटाफट छिल जाता है.