नजफगढ़ ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने की समीक्षा

 


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को नजफगढ़ के ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (आरएचटीसी) में चल रहे कामों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी अधूरे काम समय पर पूरा करने और मरीजों के इलाज की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

नड्डा ने अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता, जरूरी उपकरणों और चिकित्सा प्रशिक्षण की व्यवस्था पर भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज देने के साथ-साथ मेडिकल और नर्सिंग की पढ़ाई व प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

आरएचटीसी नजफगढ़ में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह चालू हैं। यहां एंटी-रेबीज टीकाकरण, सांप के काटने पर इलाज, जन औषधि केंद्र, जांच प्रयोगशाला और एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। माइनर ऑपरेशन थिएटर भी काम कर रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र में हर महीने औसतन करीब 47 हजार मरीज ओपीडी में और 9 हजार मरीज इमरजेंसी में पहुंच रहे हैं। अगस्त 2026 में यहां 221 छोटी सर्जरी भी की गईं। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मरीजों में टीबी के लक्षणों की जांच भी नियमित रूप से की जा रही है।

आरएचटीसी को आयुष्मान भारत की पीएम-जेएवाई योजना से भी जोड़ा गया है, जिससे पात्र लोगों को इलाज की सुविधा मिल सकेगी। केंद्र को बेहतर बनाने के लिए सफदरजंग अस्पताल, राम मनोहर लोहिया अस्पताल, एबीवीआईएमएस और एनआईएमआर जैसे संस्थानों के साथ भी सहयोग किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आरएचटीसी नजफगढ़ को ऐसा केंद्र बनाया जाना चाहिए जहां इलाज, मेडिकल शिक्षा, नर्सिंग प्रशिक्षण और समुदाय के लिए स्वास्थ्य सेवाएं एक साथ बेहतर तरीके से उपलब्ध हों।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी