राष्ट्रपति भवन में ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह का समय बदला
नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदा मुर्मु के रस्मी गार्डों की अदला-बदली से जुड़ा ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह अब नए समय पर आयोजित किया जाएगा। यह समारोह इस शनिवार, 7 मार्च से ग्रीष्मकालीन समय के अनुसार सुबह 8 से 9 बजे के बीच होगा। राष्ट्रपति भवन ने गुरुवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
यह समारोह हर शनिवार को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में आयोजित किया जाता है। हालांकि, यदि उस दिन कोई राजपत्रित अवकाश होता है तो कार्यक्रम नहीं होता। समारोह देखने के लिए दर्शकों को प्रति व्यक्ति 50 रुपये का ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क देना होता है, जो गैर-वापसी योग्य और गैर-हस्तांतरणीय है।
करीब 50 मिनट तक चलने वाला यह समारोह सेरेमोनियल बैंड की धुनों के साथ शुरू होता है। परेड कमांडर के आगमन के बाद पीबीजी के घुड़सवार दक्षिण प्रांगण से प्रवेश करते हैं। इसके बाद गोरखा राइफल्स की टुकड़ी मार्च करती हुई आती है।
नए और पुराने गार्ड का निरीक्षण किया जाता है और सलामी के बाद औपचारिक रूप से नए गार्ड को जिम्मेदारी सौंप दी जाती है। इसके बाद राष्ट्रीय सलामी दी जाती है। समारोह का सबसे आकर्षक हिस्सा पीबीजी द्वारा प्रस्तुत घुड़सवारी प्रदर्शन होता है, जिसके बाद राष्ट्रगान की धुन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाता है। राष्ट्रपति भवन की भव्य पृष्ठभूमि, सुव्यवस्थित सैन्य दलों और सुंदर उद्यानों के बीच आयोजित यह समारोह देश की सैन्य परंपरा, अनुशासन और शौर्य का जीवंत प्रदर्शन माना जाता है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार